अंतरराष्ट्रीय

ईरान में और क्या हासिल करना है यह 'स्पष्ट नहीं': ऑस्ट्रेलियाई पीएम
02-Apr-2026 12:27 PM
ईरान में और क्या हासिल करना है यह 'स्पष्ट नहीं': ऑस्ट्रेलियाई पीएम

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने कहा है कि उनका देश "ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने" के लक्ष्य का समर्थन करता है.

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अब यह स्पष्ट नहीं है कि इस युद्ध में "आगे और क्या हासिल करना है या इसका अंतिम लक्ष्य क्या है".

उनकी यह टिप्पणी नेशनल प्रेस क्लब में दिए गए संबोधन के दौरान आई, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के साथ ही हो रहा था.

अल्बनीज़ से ख़ास तौर पर उस समयसीमा को लेकर भी सवाल किया गया, जो ट्रंप ने संघर्ष ख़त्म करने के लिए बताई है. इस पर उन्होंने कहा कि युद्ध की "शुरुआत से पहले ऑस्ट्रेलिया से कोई सलाह नहीं ली गई थी".

उन्होंने कहा, "मैंने बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि हम तनाव कम होते देखना चाहते हैं और यह भी चाहते हैं कि यह कैसे ख़त्म होगा, इस पर ज़्यादा स्पष्टता हो".

अल्बनीज़ की यह टिप्पणी क़रीब 24 घंटे पहले दिए गए उनके एक छोटे संबोधन के बाद आई है, जिसमें उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई लोगों को चेतावनी दी थी कि "आने वाले महीने आसान नहीं हो सकते".

उन्होंने कहा, "ऑस्ट्रेलिया इस युद्ध में सक्रिय भागीदार नहीं है. लेकिन इसके कारण सभी ऑस्ट्रेलियाई लोगों को बढ़ती क़ीमतों का सामना करना पड़ रहा है".(bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट