अंतरराष्ट्रीय

बाल्टिक सागर में फंसी हंपबैक व्हेल 'टिमी' की हालत नाजुक
02-Apr-2026 12:05 PM
बाल्टिक सागर में फंसी हंपबैक व्हेल 'टिमी' की हालत नाजुक

जर्मनी के बाल्टिक सागर में पिछले चार हफ्तों से भटक रही 15 मीटर लंबी हंपबैक व्हेल, जिसे स्थानीय मीडिया ने 'टिमी' नाम दिया है, की स्थिति अत्यंत चिंताजनक बनी हुई है. विशेषज्ञों और संरक्षणवादियों ने मंगलवार शाम को चेतावनी दी है कि व्हेल के बचने की संभावना अब बहुत कम रह गई है. सोमवार रात को जलस्तर बढ़ने के बाद व्हेल ने कुछ देर के लिए तैरना शुरू किया था, लेकिन मंगलवार दोपहर वह दोबारा पोएल द्वीप के पास उथले पानी में जाकर फंस गई.

टिमी के स्वास्थ्य के साथ कई गंभीर चुनौतियां जुड़ी हुई हैं. बाल्टिक सागर का पानी उसके प्राकृतिक आवास अटलांटिक महासागर की तुलना में कम खारा है, जिसके कारण व्हेल की त्वचा पर गहरे संक्रमण और घाव होने लगे हैं. इसके अलावा, उसके मुंह में अब भी मछली पकड़ने के पुराने जालों के अवशेष फंसे हुए हैं, जिन्हें बचाव दल पूरी तरह निकालने में असफल रहा है. हफ्तों से भोजन की कमी और बार-बार रेत के टीलों पर फंसने के कारण यह विशालकाय जीव शारीरिक रूप से बेहद कमजोर हो चुका है.

अधिकारियों ने बताया कि व्हेल अभी सांस ले रही है और थोड़ी हलचल भी कर रही है, लेकिन वह अपनी जगह से आगे बढ़ने में सक्षम नहीं दिख रही है. फिलहाल पर्यावरण विशेषज्ञ और प्रशासन स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए हैं, हालांकि टिमी का जीवन बचाने के लिए समय तेजी से निकलता जा रहा है.  (dw.com/hi)

 

 


अन्य पोस्ट