अंतरराष्ट्रीय
-योलांद नेल
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इशारा किया है कि ईरान के साथ जंग जल्द ही ख़त्म हो सकती है.
कुछ विश्लेषकों का सुझाव है कि, डोनाल्ड ट्रंप का ईरान से जल्द बाहर निकलने वाला यह बयान एक रणनीतिक चाल भी हो सकती है, ताकि ज़मीनी हमले से पहले ईरान अपनी सतर्कता कम कर दे.
लेकिन एक आम धारणा यह भी है कि अमेरिका जल्द ही जंग से बाहर निकल सकता है और इसके लिए इसराइल को तैयार रहना चाहिए. भले ही वह ऐसा न चाहता हो.
हालांकि ईरान के कई प्रमुख नेता मारे जा चुके हैं और ईरान की सैन्य क्षमताओं को भारी नुक़सान पहुंचा है, फिर भी यह माना जा रहा है कि ईरानी शासन खुद को फिर से मज़बूत करने की कोशिश करेगा. और ईरान फिर से इसराइल और अपने अरब पड़ोसियों के लिए ख़तरा बना रहेगा.
इसराइली अधिकारियों ने संकेत दिया है कि इस जंग के ख़त्म होने के बाद भी, इसराइल ईरान में रणनीतिक हमले जारी रख सकता है.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने हाल ही में हमलों का सामना कर चुके खाड़ी देशों के साथ नए रक्षा संबंधों की संभावना भी जताई है. फिलहाल, इसराइल ने खाड़ी क्षेत्र में केवल संयुक्त अरब अमीरात और बहरीन के साथ ही अपने रिश्ते सामान्य किए हैं.
नेतन्याहू ने मंगलवार को अपने संबोधन में कहा कि इसराइल “क्षेत्र के महत्वपूर्ण देशों के साथ साझा ईरानी ख़तरे के ख़िलाफ़ नए गठबंधन बना रहा है.” (bbc.com/hindi)


