अंतरराष्ट्रीय

डोनाल्ड ट्रंप के संबोधन के फ़ौरन बाद तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी
02-Apr-2026 8:43 AM
डोनाल्ड ट्रंप के संबोधन के फ़ौरन बाद तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के व्हाइट हाउस में संबोधन के बाद वैश्विक तेल क़ीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. उनका यह संबोधन ईरान में जारी युद्ध को लेकर था.

बीबीसी संवाददाता पीटर हॉकिन्स के मुताबिक़, जब ट्रंप ने अपना संबोधन शुरू किया, उससे पहले बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की क़ीमत क़रीब 100 डॉलर प्रति बैरल पर थी. लेकिन भाषण के दौरान इसमें उतार-चढ़ाव आया.

लेकिन अब संबोधन ख़त्म होने के बाद क़ीमतें बढ़ती जा रही हैं और फ़िलहाल क़रीब 4% बढ़कर 105.38 डॉलर पर पहुंच गई है.

ऐसा माना जा रहा था कि ट्रंप होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर कुछ एलान कर सकते हैं. लेकिन इससे जुड़ा कोई अपडेट नहीं आने पर तेल की क़ीमतों में बढ़ोतरी देखी जा रही है.

होर्मुज़ वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद अहम है, क्योंकि दुनिया का लगभग 20% ऊर्जा व्यापार इसी संकरे समुद्री रास्ते से होता है.

28 फ़रवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से यह मार्ग लगभग बंद है, क्योंकि ईरान ने अमेरिकी और इसराइली हवाई हमलों के जवाब में इस रास्ते से गुजरने वाले जहाज़ों पर हमला करने की धमकी दी है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट