अंतरराष्ट्रीय

बांग्लादेश के पीएम ने कहा था 'जनसंहार दिवस', अब पाकिस्तान ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
26-Mar-2026 12:25 PM
बांग्लादेश के पीएम ने कहा था 'जनसंहार दिवस', अब पाकिस्तान ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई

बांग्लादेश की स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर पाकिस्तान ने बधाई दी है. इससे पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने अपने देश की आज़ादी की लड़ाई में पाकिस्तान पर परोक्ष टिप्पणी करते हुए 'जनसंहार दिवस' का ज़िक्र किया था.

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "बांग्लादेश के स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर देश की सरकार और जनता को पाकिस्तान की सरकार और जनता हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती है."

इस पोस्ट में आगे लिखा है, “पाकिस्तान उनके लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करता है. पाकिस्तान दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों और सहयोग को और अधिक गहरा करने की इच्छा रखता है.

बांग्लादेश (उस वक़्त पूर्वी पाकिस्तान) ने 26 मार्च 1971 को पाकिस्तान से अपनी आज़ादी की घोषणा कर दी थी.

इससे पहले 25 मार्च 1971 की रात पाकिस्तान की सेना ने 'ऑपरेशन सर्चलाइट' शुरू किया था. पाकिस्तानी सेना की ओर से इस दिन ढाका में सामूहिक हत्याएं की गई थीं.

इसके बाद 9 महीने के लंबे संघर्ष के बाद 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश आधिकारिक रूप से एक स्वतंत्र राष्ट्र बना था.

इससे पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान का एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बना हुआ था.

उन्होंने बुधवार को 'जनसंहार दिवस' की बरसी पर एक्स पर एक पोस्ट में पाकिस्तानी फौज के लिए बेहद कड़े लफ़्ज़ों का इस्तेमाल किया.

इसकी काफ़ी चर्चा हो रही है क्योंकि ऐतिहासिक रूप से तारिक़ रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को पाकिस्तान के प्रति नरम रुख़ अपनाने के लिए जाना जाता है.  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट