अंतरराष्ट्रीय

न्यू मेक्सिको में मेटा पर 37.5 करोड़ डॉलर का जुर्माना, बच्चों की सुरक्षा का मामला
26-Mar-2026 12:16 PM
न्यू मेक्सिको में मेटा पर 37.5 करोड़ डॉलर का जुर्माना, बच्चों की सुरक्षा का मामला

अमेरिका के न्यू मेक्सिको प्रांत में एक मुकदमे की सुनवाई करते हुए जूरी ने पाया कि मेटा के प्लेटफॉर्मों ने प्रांतीय कानूनों का उल्लंघन किया है. जूरी ने कंपनी को 375 मिलियन डॉलर का जुर्माना देने का आदेश दिया. प्रांत के अटॉर्नी जनरल राऊल तोर्रेस ने कंपनी पर आरोप लगाया था कि उसने फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर सुरक्षा को लेकर यूजर्स को भ्रमित किया. साथ ही, इन प्लेटफॉर्मों पर बच्चों के यौन शोषण को सक्षम बनाया.

मेटा के प्लेटफॉर्म युवाओं और बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को किस तरह प्रभावित कर रहे हैं, इसपर कंपनी गंभीर आरोपों और कई मुकदमों का सामना कर रही है. अटॉर्नी जनरल राऊल तोर्रेस ने फैसले पर कहा, "यह हर उस बच्चे और परिवार के लिए ऐतिहासिक जीत है, जिन्होंने मेटा द्वारा मुनाफे को बच्चों की सुरक्षा से ऊपर रखने के चुनाव की कीमत चुकाई है." उन्होंने यह भी कहा कि मेटा पर लगाया गया जुर्माना बड़ी टेक कंपनियों को साफ संदेश देगा कि कोई भी कंपनी कानून से ऊपर नहीं है.

मेटा ने अपने बयान में कहा, "हम सम्मानपूर्ण तरीके से इस फैसले के साथ असहमति रखते हैं और अपील करेंगे. हम अपने प्लेटफॉर्मों पर लोगों को सुरक्षित रखने के लिए बहुत काम करते हैं और नुकसान पहुंचाने वाली सामग्रियों या गलत लोगों की पहचान करके उन्हें हटाने की चुनौतियों के बारे में स्पष्ट हैं." उधर, अटॉर्नी जनरल तोर्रेस ने कहा कि मई में हो रहे मुकदमे के दूसरे चरण में उनका दफ्तर कोर्ट से अपील करेगा कि वह बच्चों की सुरक्षा के लिए मेटा से अपने प्लेटफॉर्मों में जरूरी बदलाव करने को कहे. साथ ही, अतिरिक्त जुर्माना भी लगाए.


अन्य पोस्ट