अंतरराष्ट्रीय

'हमारी लड़कियों को बचाएं': ऑस्ट्रेलियाई पुलिस से ईरानी फुटबॉल टीम के समर्थकों की अपील
09-Mar-2026 7:10 PM
'हमारी लड़कियों को बचाएं': ऑस्ट्रेलियाई पुलिस से ईरानी फुटबॉल टीम के समर्थकों की अपील

एएफसी महिला एशियाई कप में हार के बाद, ईरानी महिला फुटबॉल टीम की स्वदेश वापसी को लेकर भारी चिंता पैदा हो गई है. रविवार को जब टीम बस में बैठकर जा रही थी, तो समर्थकों ने बस को घेर लिया और पुलिस से महिला खिलाड़ियों को बचाने की गुहार लगाई. 

स्थानीय ईरानी समुदाय के सदस्य और मानवाधिकार कार्यकर्ता हादी करीमी के अनुसार, बस के अंदर मौजूद कम से कम तीन खिलाड़ियों ने स्पष्ट रूप से मदद के लिए अंतरराष्ट्रीय 'एसओएस' इशारा किया, जो यह दर्शाता है कि उनकी जान खतरे में है.

पिछले एक हफ्ते से ऑस्ट्रेलिया में मौजूद ये खिलाड़ी अब देश से अपनी रवानगी को रोकने की बढ़ती मांगों के चलते केंद्र में हैं. इन महिलाओं को अपने देश ईरान में उत्पीड़न का गहरा खौफ है. यह डर इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि ईरान वर्तमान में अमेरिका और इस्राएल के साथ युद्ध की स्थिति में है और वहां एक नए कट्टरपंथी 'सर्वोच्च नेता' ने सत्ता संभाली है. समर्थकों का तर्क है कि इन परिस्थितियों में उन्हें वापस भेजना उनके लिए सुरक्षित नहीं है.

इस गंभीर मुद्दे पर ईरान के अपदस्थ शाह के बेटे रजा पहलवी ने भी आवाज उठाई है और ऑस्ट्रेलियाई सरकार से टीम की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने बताया कि इन खिलाड़ियों ने मौजूदा ईरानी शासन का राष्ट्रगान गाने से इनकार कर दिया था. इस वजह से उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं.  (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट