अंतरराष्ट्रीय
-एना फैगाय, नादा तौफ़िक और कै पिग्लियुची
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने कांग्रेस (अमेरिकी संसद) की एक समिति से कहा कि एपस्टीन से जुड़े मामले में उन्होंने "कुछ नहीं देखा" और "कुछ भी ग़लत नहीं किया."
न्यूयॉर्क में बंद कमरे में पूरे दिन चली इस सुनवाई में पूर्व राष्ट्रपति से फ़ाइनेंसर जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी हाल में जारी फ़ाइलों में उनके नाम आने को लेकर सवाल किए गए.
इनमें एक तस्वीर भी शामिल है, जिसमें बिल क्लिंटन एक अज्ञात व्यक्ति के साथ हॉट टब में दिखाई दे रहे हैं.
उनकी गवाही ऐसे समय आई जब एक दिन पहले उनकी पत्नी और अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने समिति से कहा था कि उन्हें भी एपस्टीन के अपराधों की "कोई जानकारी नहीं थी."
इन फ़ाइलों में नाम आने का मतलब ग़लत काम में शामिल होना नहीं है और एपस्टीन मामले में अब तक सामने आए पीड़ितों में से किसी ने भी क्लिंटन दंपती पर किसी प्रकार के दुराचार का आरोप नहीं लगाया है.
बिल क्लिंटन ने कहा कि अगर उन्हें "ज़रा भी अंदेशा" होता कि एपस्टीन क्या कर रहा है, तो वह उससे संबंध तोड़ लेते और उसके विमान में कभी यात्रा नहीं करते.
उन्होंने अपने ओपनिंग स्टेटमेंट में कहा, "मैं ख़ुद उसे अधिकारियों के हवाले कर देता." (bbc.com/hindi)


