अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका का कहना है कि उसे ऐसे संकेत मिले हैं कि ईरान पिछले साल जून में अमेरिकी नेतृत्व वाले हमलों के बाद अपने परमाणु कार्यक्रम को फिर से बनाने की कोशिश कर रहा है.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने पत्रकारों से कहा, "सिद्धांत बहुत साफ़ है. ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए."
उन्होंने कहा, "अगर वे परमाणु हथियार बनाने की कोशिश करते हैं तो यह हमारे (अमेरिका) लिए समस्या होगी. दरअसल, हमने ऐसे सबूत देखे हैं कि वे ऐसा करने की कोशिश कर रहे हैं."
वेंस का बयान ऐसे समय में आया है जब दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के बीच गुरुवार को जिनेवा में ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत होनी है.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने यह भी बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ और ट्रंप के दामाद ज़ेरेड कुशनर गुरुवार को ईरान के साथ होने वाली बातचीत में शामिल होंगे.
वेंस ने कहा कि ट्रंप ईरान के परमाणु कार्यक्रम के मुद्दे को 'कूटनीतिक तरीके़ से' सुलझाना चाहते हैं, लेकिन राष्ट्रपति के पास 'दूसरे रास्ते' भी मौजूद हैं. (bbc.com/hindi)


