अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका के साथ बैठक से पहले ईरानी विदेश मंत्री ने परमाणु हथियार पर क्या कहा
25-Feb-2026 10:30 AM
अमेरिका के साथ बैठक से पहले ईरानी विदेश मंत्री ने परमाणु हथियार पर क्या कहा

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि उनका देश किसी भी स्थिति में 'परमाणु हथियार नहीं बनाएगा'.

हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि ईरान अपने लोगों के लिए 'शांतिपूर्ण परमाणु तकनीक का लाभ' लेने के अधिकार को भी कभी नहीं छोड़ेगा.

अराग़ची ने यह बयान ऐसे वक़्त में दिया है, जब ईरान के परमाणु कार्यक्रमों को लेकर उसकी अमेरिका के साथ तनातनी चल रही है.

परमाणु कार्यक्रमों से जुड़े समझौते को लेकर गुरुवार, 26 फ़रवरी को स्विट्ज़रलैंड के जिनेवा में दोनों देशों के अधिकारियों की बैठक होनी है.

अब्बास अराग़ची ने इस बैठक को लेकर कहा, "पिछले दौर की बैठकों में बनी समझ के आधार पर ईरान जल्द से जल्द एक उचित और न्यायसंगत समझौते पर पहुंचने के दृढ़ संकल्प के साथ जिनेवा में अमेरिका के साथ बातचीत फिर से शुरू करेगा."

उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता संभव है, लेकिन 'यह तभी संभव है जब कूटनीति को प्राथमिकता' दी जाए. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट