अंतरराष्ट्रीय
अफ़ग़ानिस्तान के परमानेंट मिशन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान के हालिया हवाई हमलों की 'औपचारिक शिकायत' दर्ज की है. ये हमले नंगरहार और पकतीका प्रांत में हुए थे.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि नासिर अहमद फ़ईक़ ने अपने फ़ेसबुक पेज पर दावा किया कि इन हमलों में आम लोग भी मारे गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं.
फ़ईक़ ने कहा, "आज अफ़ग़ानिस्तान के परमानेंट मिशन ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में औपचारिक शिकायत दर्ज की है."
उन्होंने कहा, "हम इन उल्लंघनों को तुरंत रोकने की मांग करते हैं. जांच करने, ज़िम्मेदारी तय करने, क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान करने, संयुक्त राष्ट्र चार्टर का पालन करने और अंतरराष्ट्रीय क़ानून का पूरा पालन करने की अपील करते हैं."
संयुक्त राष्ट्र में अफ़ग़ानिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि ने रविवार को एक बयान में पाकिस्तान के हमलों की निंदा की और इन्हें 'संयुक्त राष्ट्र चार्टर का खुला उल्लंघन' और 'मानवाधिकारों के मान्य सिद्धांतों के ख़िलाफ़' बताया था. (bbc.com/hindi)


