अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन रिपोर्टों को ख़ारिज किया है जिनमें कहा गया है कि अमेरिका के सेनाध्यक्ष ने ईरान में अमेरिका की सैन्य कार्रवाई का विरोध किया है. उन्होंने कहा है कि ऐसी ख़बरें 100 फ़ीसदी गलत हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि वो ईरान से डील करना पसंद करेंगे. लेकिन ईरान से डील नहीं हुई तो वो उस देश (ईरान) के लिए बहुत बुरा होगा.अफ़सोस ये है कि ये उस देश के लिए लोगों के लिए भी बुरा होगा. क्योंकि ये कमाल के लोग हैं. ऐसा कुछ नहीं होना चाहिए.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘’फेक न्यूज़ मीडिया में कई ख़बरें चल रही हैं, जिनमें कहा जा रहा है कि जनरल डैनियल केन ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध के फ़ैसले के विरोध में हैं. इन ख़बरों में इस कथित जानकारी का कोई स्रोत नहीं बताया गया है और यह 100 फ़ीसदी ग़लत है.’’
उन्होंने लिखा, ‘’जनरल केन हम सबकी तरह युद्ध नहीं देखना चाहते. लेकिन यदि ईरान के ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई का निर्णय लिया जाता है, तो उनकी राय है कि यह आसानी से जीता जाने वाला कदम होगा. वह ईरान को अच्छी तरह जानते हैं, क्योंकि वे “मिडनाइट हैमर” ऑपरेशन के प्रभारी थे, जो ईरान के परमाणु एनरिचमेंट प्रोग्राम पर हमला था.’’
ट्रंप ने लिखा, ‘’ईरान के साथ संभावित युद्ध के बारे में जो कुछ भी लिखा गया है, वह गलत और जानबूझकर फैलाया गया भ्रम है. फै़सला मैं करता हूं. मैं समझौता करना ज्यादा पसंद करूंगा, लेकिन अगर समझौता नहीं हुआ, तो उस देश के लिए और दुर्भाग्य से उसके लोगों के लिए बहुत बुरा दिन होगा. वे लोग कमाल के हैं उनके साथ ऐसा कभी नहीं होना चाहिए.’’
ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत चल रही है. लेकिन अभी तक इसमें कोई पक्की कामयाबी नहीं मिली है. ईरान अमेरिका की अतिरिक्त शर्तों को मानने को तैयार नहीं दिख रहा है. (bbc.com/hindi)


