अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप के घर के सुरक्षित दायरे में घुसने वाले शख़्स को गोली मारी, अब तक सामने आईं ये अहम बातें
23-Feb-2026 9:16 AM
ट्रंप के घर के सुरक्षित दायरे में घुसने वाले शख़्स को गोली मारी, अब तक सामने आईं ये अहम बातें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के घर के सुरक्षित दायरे में घुसने वाले शख़्स को सीक्रेट सर्विस ने गोली मार दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. यह घटना ट्रंप के फ़्लोरिडा स्थित घर मार-आ-लागो की है. हालांकि, उस समय ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में थे.

एजेंट्स और पाम बीच काउंटी शेरिफ़ ऑफ़िस के एक अधिकारी ने उस युवक को रोका. शेरिफ़ रिक ब्रैडशॉ ने पत्रकारों को बताया कि सुरक्षा टीम को शख़्स के पास से पेट्रोल का डिब्बा और एक शॉटगन मिले हैं.

ब्रैडशॉ ने बताया कि पहले युवक को हथियार छोड़ने का आदेश दिया गया, उसने पेट्रोल का डिब्बा तो नीचे रखा लेकिन शॉटगन को चलाने की पोज़ीशन में उठा लिया. उसी समय एजेंट्स ने गोली चलाई ताकि 'ख़तरे को ख़त्म किया जा सके'.

घटना के दौरान दो एजेंसियां सक्रिय थीं, सीक्रेट सर्विस और शेरिफ़ ऑफ़िस. किसी अधिकारी को चोट नहीं लगी.

ट्रंप और उनका परिवार सुरक्षित

ट्रेज़री सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने फ़ॉक्स न्यूज़ को बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से बात की है. ट्रंप और उनका परिवार सुरक्षित हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि बार-बार ऐसे हमले नहीं होने चाहिए.

"राष्ट्रपति के चारों ओर सुरक्षा घेरे पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत हैं और सीक्रेट सर्विस अब 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में हुए हत्या के प्रयास के समय से कहीं बेहतर है."

बेसेंट ने इस तरह की राजनीतिक हिंसा के लिए 'लेफ़्ट को ज़िम्मेदार' ठहराया

मार-आ-लागो में रहती है कड़ी सुरक्षा

बीबीसी के व्हाइट हाउस रिपोर्टर बर्नड डेबसमैन जूनियर का कहना है कि ट्रंप अपने मार-आ-लागो के घर से दूर थे. फिर भी यह गोलीबारी चौंकाने वाली है.

उन्होंने कहा, "मैं कई दफ़ा मार-आ-लागो गया हूं. दो बार तो हाल ही में दिसंबर और जनवरी में गया था. वहां बहुत कड़ी सुरक्षा रहती है. बाहर का सुरक्षा घेरा स्थानीय पाम बीच शेरिफ़्स संभालते हैं और अंदर का सीक्रेट सर्विस. आने वाले लोगों की तलाशी होती है, गाड़ियों और बैग्स को डॉग्स और मेटल डिटेक्टर से जांचा जाता है."

"इतनी सख़्त सुरक्षा ही वजह हो सकती है कि हमलावर को जल्दी ही रोका गया और अंदर तक नहीं जा पाया. भले ही ट्रंप और उनकी निजी सुरक्षा टीम वहां न हो, लेकिन सुरक्षा बनी रहती है. मार-आ-लागो में अक्सर बड़े रिपब्लिकन नेता और अमीर कारोबारी आते रहते हैं. अभी भी मारे गए शख़्स और उसके मक़सद को लेकर कई सवाल बाकी हैं."

बर्नड डेबसमैन ने कहा कि यह घटना अमेरिका में राजनीतिक हिंसा को लेकर चिंता बढ़ाएगी. पहले भी ट्रंप पर दो हमले हुए और दक्षिणपंथी राजनीतिक कार्यकर्ता चार्ली किर्क पर गोली चलाई गई थी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट