अंतरराष्ट्रीय

ईरान में सड़कों पर उतरे स्टूडेंट्स, बड़े पैमाने पर हुए सरकार-विरोधी प्रदर्शन
22-Feb-2026 10:23 AM
ईरान में सड़कों पर उतरे स्टूडेंट्स, बड़े पैमाने पर हुए सरकार-विरोधी प्रदर्शन

-सियावश मेहदी-अर्दलान और जारोस्लव लुकिव

ईरान के कुछ विश्वविद्यालयों में स्टूडेंट्स ने सरकार के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किए हैं. पिछले महीने अधिकारियों की हिंसक कार्रवाई के बाद इतने बड़े पैमाने पर पहली बार प्रदर्शन हो रहे हैं.

बीबीसी ने शनिवार को राजधानी तेहरान स्थित शरीफ़ यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्नोलॉजी के परिसर में मार्च करते प्रदर्शनकारियों का वीडियो वेरिफ़ाई किया.

बाद में इन प्रदर्शनकारियों और सरकार समर्थकों के बीच झड़पें होती हुई भी दिखीं.

तेहरान के एक अन्य विश्वविद्यालय में धरना दिया गया. वहीं उत्तर-पूर्वी हिस्से में एक रैली की ख़बर है. ये स्टूडेंट्स जनवरी में बड़े पैमाने पर हुए प्रदर्शनों में मारे गए हज़ारों लोगों को श्रद्धांजलि दे रहे थे.

अमेरिका ईरान के आसपास अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह सीमित सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहे हैं.

अमेरिका और उसके यूरोपीय सहयोगियों को संदेह है कि ईरान परमाणु हथियार विकसित करने की दिशा में बढ़ रहा है, जिसे ईरान हमेशा नकारता रहा है.

इस बीच, मंगलवार को स्विट्ज़रलैंड में अमेरिकी और ईरानी अधिकारियों की मुलाक़ात हुई और उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के उद्देश्य से हो रही बातचीत में प्रगति हुई है.  (bbc.com/hindi)

 


अन्य पोस्ट