अंतरराष्ट्रीय

इजराइल भारत समेत अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन मजबूत कर रहा: नेतन्याहू
20-Feb-2026 8:47 PM
इजराइल भारत समेत अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन मजबूत कर रहा: नेतन्याहू

(हरिंदर मिश्रा)

यरुशलम, 20 फरवरी। भारत को ‘‘बेहद शक्तिशाली’’ बताते हुए इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि उनका देश अपने सहयोगियों के साथ ‘‘गठबंधन मजबूत कर रहा है।’’

उन्होंने अगले सप्ताह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित यरुशलम यात्रा का उल्लेख करते हुए यह बात कही।

प्रधानमंत्री मोदी के 25 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर इजराइल पहुंचने की उम्मीद है, जिस दौरान वह संभवतः नेसेट (संसद) को संबोधित करेंगे तथा नेतन्याहू और राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात करेंगे।

नेतन्याहू ने बृहस्पतिवार को यरुशलम से लगभग 190 किलोमीटर दक्षिण में स्थित बहाद 1 (आईडीएफ अधिकारी स्कूल) में इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) के कैडेट के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल बुराई के खिलाफ ‘‘निवारक उपाय’’ करता है और इसलिए, क्षेत्र में खतरों को बेअसर करने के लिए, आवश्यकतानुसार, समय-समय पर कार्रवाई करेगा।

उन्होंने कहा, “हम अपने सहयोगियों के साथ गठबंधन को मजबूत करने के लिए भी कदम उठाएंगे। अगले सप्ताह एक बेहद शक्तिशाली देश के प्रधानमंत्री, इजराइल का दौरा करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘और निश्चित रूप से, आप जानते हैं कि कुछ दिन पहले मैं एक और महत्वपूर्ण दौरे से लौटा हूं, जो राष्ट्रपति (डोनाल्ड) ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने के बाद से सातवां दौरा था, जहां मैंने इजराइल के सबसे पक्के मित्र - अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात की।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘हाल में प्रकाशित अमेरिकी सुरक्षा सिद्धांत में, इजराइल दुनिया का एकमात्र ऐसा देश है जिसे अमेरिका 'आदर्श सहयोगी' बताता है।’’

रविवार को, नेतन्याहू ने प्रमुख अमेरिकी-यहूदी संगठनों के अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित यात्रा का उल्लेख किया।

उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘संसद को संबोधित करने की तैयारी चल रही है। अगले हफ्ते यहां कौन आ रहा है? नरेन्द्र मोदी।’’

नेतन्याहू ने कहा, ‘‘इजराइल और भारत के बीच एक मजबूत गठबंधन है, और हम हर तरह के सहयोग पर चर्चा करने जा रहे हैं। अब, आप जानते हैं, भारत कोई छोटा देश नहीं है। इसकी आबादी 1.4 अरब है। भारत बेहद शक्तिशाली और बेहद लोकप्रिय है।’’

यह इजराइल की मोदी की दूसरी यात्रा होगी। पहली यात्रा जुलाई 2017 में हुई थी, जो किसी भारतीय प्रधानमंत्री द्वारा यहूदी राष्ट्र की पहली यात्रा थी। (भाषा)


अन्य पोस्ट