अंतरराष्ट्रीय
X/@FOREIGNOFFICEPK
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 'भारत मौजूदा सरकार के तहत कट्टर हिंदुत्व विचारधारा की आड़ में स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म को बढ़ावा देने वाला प्रमुख देश बन गया' है.
पाकिस्तान का यह बयान भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के मामले से जुड़े एक सवाल के जवाब में आया है.
गुरुवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफ़िंग के दौरान उनसे सवाल किया गया कि 'भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका में दो अमेरिकी नागरिकों की हत्या की साजिश के मामले में गिरफ़्तार किया गया है. दुनियाभर में भारत की गतिविधियां उजागर हो रही हैं, इस पर आपका क्या कहना है?'
इस सवाल के जवाब में पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा, "हमने इस मुद्दे से जुड़ी रिपोर्ट्स देखी हैं. विदेशी ज़मीन पर हुई हत्याओं से जुड़े कैंपेन में भारत के संबंधों को पाकिस्तान लगातार हाइलाइट कर रहा है. यह न केवल पाकिस्तान में हो रहा है, बल्कि अमेरिका समेत कई देशों में हो रहा है."
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान ने भारत की ओर से प्रायोजित आतंकवाद और सीमा पार से पाकिस्तान में ऑपरेट होने वाले आतंकवादी समूहों से जुड़े पुख़्ता सबूत भी साझा किए हैं."
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "भारत मौजूदा सरकार के तहत कट्टर हिंदुत्व विचारधारा की आड़ में स्टेट स्पॉन्सर्ड टेररिज़्म को बढ़ावा देने वाला प्रमुख देश बन गया है और यह चिंता की बात है. हम इस पर नज़र बनाए हुए हैं."
बीते हफ़्ते भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता ने न्यूयॉर्क में सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की 2023 में हत्या की नाकाम साज़िश रचने के आरोप में दोष स्वीकार किया था.
54 साल के निखिल गुप्ता ने मैनहैटन के फेडरल कोर्ट में सुपारी देकर हत्या, हत्या की साज़िश और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश के आरोपों में दोष स्वीकार किया. (bbc.com/hindi)


