अंतरराष्ट्रीय

यूक्रेन के एयर डिफेंस के लिए स्वीडन 1.4 अरब डॉलर खर्च करेगा
19-Feb-2026 8:26 PM
यूक्रेन के एयर डिफेंस के लिए स्वीडन 1.4 अरब डॉलर खर्च करेगा

स्वीडन ने गुरुवार को यूक्रेन के लिए 12.9 अरब क्रोनर (1.4 अरब डॉलर) की सैन्य सहायता की घोषणा कि है. इसका ज्यादातर हिस्सा यूक्रेन में एयर डिफेंस की क्षमता विकसित करने पर खर्च होगा.

स्वीडन के रक्षा मंत्री पाल जॉनसन ने समाचार एजेंसी एएफपी से कहा कि सैन्य सहायता पैकेज यूक्रेन को स्वीडन की तरफ से दिया तीसरा बड़ा पैकेज है. यह यूक्रेन की ओर से जताई गई जरूरतों के अनुरूप है. 

इनमें से करीब 4.5 अरब क्रोनर की रकम यूक्रेन को एक उन्नत शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम मुहैया कराने पर खर्च होंगे. इनमें ट्राइडॉन एमके2 मोबाइल एंटी एयरक्राफ्ट आर्टिलरी सिस्टम के अतिरिक्त यूनिट भी होंगे जिसे देने की घोषणा स्वीडन ने फरवरी की शुरुआत में की थी.

जॉनसन का कहना है कि लक्ष्य यह है कि यूक्रेन को यह सिस्टम 24 महीने के भीतर दे दिया जाए. बाकी का धन बड़ी मात्रा में गोला बारूद पर खर्च होगा जिसमें लॉन्ग रेंज की तोपों के गोले, सैनिकों की ट्रेनिंग और साथ ही लॉन्ग रेंज के ड्रोन के लिए सहयोग की योजनाएं शामिल हैं. यह धन स्वीडन की तरफ से यूक्रेन को सालाना 40 अरब क्रोनर की सहायता का हिस्सा है. (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट