अंतरराष्ट्रीय
ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के शक में गिरफ़्तार कर लिया गया है.
आज सुबह इंग्लैंड के नॉरफ़ॉक स्थित सैंड्रिंघम एस्टेट में कारों के पहुंचने की तस्वीरें सामने आई हैं.
यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब टेम्स वैली पुलिस ने कहा कि वह पूर्व प्रिंस की ओर से यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन के साथ कथित रूप से गोपनीय जानकारी साझा किए जाने की शिकायत की जांच कर रही है.
एंड्रयू ने किसी भी तरह के गलत काम से लगातार और पूरी दृढ़ता के साथ इनकार किया है.
पिछले साल ही वो 'प्रिंस' का ख़िताब खो चुके थे. उन्हें विंडसर के महल रॉयल लॉज को भी छोड़ना पड़ा था.
फ़िलहाल यह साफ़ नहीं है कि उन्हें किस पुलिस फोर्स ने और कहां से गिरफ़्तार किया है.
लेकिन आज सुबह नॉरफोक के सैंड्रिंघम में कुछ वाहन देखे गए. यहां वो विंडसर स्थित अपना घर छोड़ने के बाद रह रहे थे.
माना जा रहा है कि वे बगैर निशान वाली पुलिस गाड़ियां थीं.
यह पहली बार है जब पूर्व राजकुमार को गिरफ़्तार किया गया है.
उन पर दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से संबंधों को लेकर कई आरोप लगते रहे हैं.
हालांकि एंड्रयू ने हमेशा और कड़े शब्दों में किसी भी गलत काम से इनकार किया है.
बीबीसी न्यूज़ को लग रहा है कि उन्हें सार्वजनिक पद के दुरुपयोग के संदेह में गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस ने क्या कहा
एंड्रयू की गिरफ़्तारी के बाद टेम्स वैली पुलिस ने बयान जारी किया है.
इसमें कहा गया है, "जांच के हिस्से के रूप में हमने आज (19/2) नॉरफोक के एक 60 साल से अधिक उम्र के शख़्स को सार्वजनिक पद पर कदाचार के संदेह में गिरफ़्तार किया है. साथ ही बर्कशायर और नॉरफोक में स्थित पतों पर तलाशी की जा रही है. वह व्यक्ति फ़िलहाल पुलिस हिरासत में है.''
इसमें कहा गया है, ''राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के मुताबिक़ हम गिरफ़्तार व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं करेंगे. कृपया यह भी ध्यान रखें कि यह मामला अब सक्रिय है, इसलिए किसी भी प्रकार का प्रकाशन करते समय अदालत की अवमानना से बचने के लिए सावधानी बरती जाए."
सहायक मुख्य कांस्टेबल ओलिवर राइट ने कहा, "विस्तार से आकलन के बाद हमने सार्वजनिक पद पर कदाचार के इस आरोप की जांच शुरू कर दी है.''
'' यह अहम है कि हम अपने साझेदारों के साथ मिलकर इस कथित अपराध की जांच करते समय जांच की निष्पक्षता और वस्तुनिष्ठता की रक्षा करें''
''हम समझते हैं कि इस मामले में सार्वजनिक दिलचस्पी बहुत अधिक है, और उचित समय पर हम जानकारी साझा करेंगे."
कौन हैं एंड्रयू माउंटबेटन
एंड्रूयू माउंटबेटन ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई हैं. पिछले साल ही वो 'प्रिंस' का ख़िताब खो चुके थे. उन्हें विंडसर के महल रॉयल लॉज को भी छोड़ना पड़ा था.
यौन अपराध के दोषी जेफ़री एपस्टीन के साथ उनके संबंधों को लेकर कई हफ़्तों से चल रही गहन जांच के बाद ये फ़ैसला लिया गया था.
उनके बारे में बकिंघम पैलेस की ओर से कहा गया है कि अब किंग के भाई को एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर के नाम से जाना जाएगा.
एंड्रयू ने अपने निजी जीवन पर उठते सवालों को देखते हुए अपने दूसरे शाही ख़िताब भी छोड़ दिए थे. इनमें ड्यूक ऑफ़ यॉर्क भी शामिल था. (bbc.com/hindi)


