अंतरराष्ट्रीय
बांग्लादेश में रमज़ान के महीने के दौरान स्कूलों में एक महीने से भी ज़्यादा की छुट्टी घोषित की गई है.
सरकारी और निजी माध्यमिक, निम्न माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालयों के लिए संशोधित अवकाश सूची के मुताबिक़, 19 फ़रवरी से 26 मार्च तक अवकाश घोषित किया गया है.
माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के साथ प्राथमिक और जन शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार को इस संबंध में अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी कीं.
अधिसूचना के अनुसार, शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टियां रमज़ान के महीने की शुरुआत से शुरू होंगी और 26 मार्च तक जारी रहेंगी.
इसमें रमज़ान के महीने, ईद उल फ़ितर और स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियां शामिल हैं.
इससे पहले, प्राथमिक विद्यालयों के लिए वार्षिक अवकाश सूची दिसंबर 2025 में प्रकाशित की गई थी.
इस अवकाश सूची में 8 मार्च से 26 मार्च तक रमज़ान और ईद सहित कई अवकाश शामिल थे और शुक्रवार और शनिवार को मिलाकर कुल 19 दिन की छुट्टियां थीं.
रमज़ान के पवित्र महीने के दौरान स्कूलों को बंद करने का आदेश देने के लिए उच्च न्यायालय में एक रिट याचिका दायर की गई थी, और इस याचिका की सुनवाई 15 फ़रवरी को हुई थी.
ग़ौरतलब है कि भारत समेत दक्षिण एशिया के कई हिस्सों में गुरुवार से रमज़ान का महीना शुरू हो रहा है. (bbc.com/hindi)


