अंतरराष्ट्रीय
बीबीसी वेरीफ़ाई ने सैटेलाइट तस्वीरों के जरिए पुष्टि की है कि अमेरिकी विमानवाहक पोत 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' ईरान के क़रीब पहुंच गया है.
गौरतलब है कि वॉशिंगटन ईरान के परमाणु कार्यक्रम और हालिया विरोध प्रदर्शनों पर हुई हिंसक कार्रवाई को लेकर बातचीत के साथ-साथ उस पर सैन्य दबाव बढ़ा रहा है.
इस बीच, अमेरिकी और ईरानी अधिकारी मंगलवार को जिनेवा में वार्ता का दूसरा दौर शुरू करने वाले हैं.
ईरान का कहना है कि इस बैठक में ईरान के परमाणु कार्यक्रम और देश पर लगे अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने की संभावना पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जबकि वॉशिंगटन ने संकेत दिया है कि वह वार्ता में अन्य मुद्दों पर भी चर्चा करना चाहता है.
अब्राहम लिंकन पर तीन गाइडेड मिसाइल विध्वंसक, एफ़-35 लड़ाकू जेट सहित 90 विमान और 5,680 कर्मी सवार हैं.
यह जनवरी के अंत में खाड़ी क्षेत्र में तैनात किए जाने के बावजूद हाल तक उपग्रह के चित्रों में दिखाई नहीं दे रहा था.
ताज़ा जानकारी के अनुसार, जहाज इस समय ओमान के तट के पास और ईरान से लगभग 700 किलोमीटर दूर स्थित है. (bbc.com/hindi)


