अंतरराष्ट्रीय

'भारत के साथ रिश्तों को फिर से ठीक करना चाहता है बांग्लादेश'- तारिक़ रहमान के सलाहकार का बयान
16-Feb-2026 9:00 AM
'भारत के साथ रिश्तों को फिर से ठीक करना चाहता है बांग्लादेश'- तारिक़ रहमान के सलाहकार का बयान

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बनने वाले तारिक़ रहमान के सलाहकार हुमायूं कबीर ने भारत के साथ संबंधों पर अहम बयान दिया है.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, हुमायूं कबीर ने कहा, “भारत के साथ अपने रिश्ते को बांग्लादेश फिर से ठीक करना चाहता है. यह भारत की ज़िम्मेदारी है कि वह बदली हुई सच्चाई को पहचाने."

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के अध्यक्ष के सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा है कि ‘जब शेख़ हसीना सत्ता से हटा दी गई हैं और उनकी अवामी लीग पार्टी सत्ता में नहीं है, तो बांग्लादेश भारत के साथ रिश्ते को नए सिरे से ठीक करना चाहता है.'

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि दोनों देशों को "आपसी फ़ायदे" के लिए मिलकर काम करना चाहिए.

संसदीय चुनावों में दो-तिहाई सीटें जीतने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में तारिक़ रहमान ने शनिवार को कहा था कि उनकी विदेश नीति बांग्लादेश और बांग्लादेश की जनता के हितों को ध्यान में रखकर तय की जाएगी.

विदेशी पत्रकारों के सवालों के जवाब में रहमान ने कहा, "देश की जनता के हित सर्वोपरि हैं, और हम उनके हितों को गंभीरता से ध्यान में रखते हुए विदेश नीति तय करेंगे." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट