अंतरराष्ट्रीय

पाक : असाध्य बीमारी से पीड़ित नौ शेर और दो जिराफ को ‘दया मृत्यु’ दी गई
13-Feb-2026 7:08 PM
पाक : असाध्य बीमारी से पीड़ित नौ शेर और दो जिराफ को ‘दया मृत्यु’ दी गई

(एम जुल्करनैन)

लाहौर, 13 फरवरी। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में असाध्य वंशानुगत बीमारियों से पीड़ित नौ शेरों और दो जिराफों को ‘दया मृत्यु’ दे दी गई।

लाहौर सफारी पार्क में लगभग 30-40 शेर हैं, जबकि जिराफों की यह जोड़ी अक्टूबर 2025 में दक्षिण अफ्रीका से लाई गई थी।

वन्यजीव विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नौ में से सात शेर सफारी पार्क के थे, जबकि दो स्थानीय चिड़ियाघरों से लाए गए थे।

पंजाब की वरिष्ठ मंत्री मरियम औरंगज़ेब ने कहा कि बीमार शेरों को पशु चिकित्सकों की सलाह पर प्रांत के विभिन्न चिड़ियाघरों से लाहौर सफारी पार्क भेजा गया था।

मंत्री ने एक बयान में कहा, “कुछ शेर असाध्य वंशानुगत बीमारियों से ग्रस्त थे, जबकि कुछ ऐसे रोग से पीड़ित थे जिनका कोई प्रभावी इलाज संभव नहीं था।”

उन्होंने कहा कि पशु चिकित्सकों और वन्यजीव विशेषज्ञों की एक समिति ने इन मामलों की समीक्षा की थी।

मंत्री ने कहा, “लाइलाज बीमारियों से पीड़ित पशुओं को आगे की पीड़ा से बचाने के लिए ‘दया मृत्यु’ देना वैश्विक स्तर पर मानक प्रथा है और पाकिस्तान के वन्यजीव कानूनों में भी इसका प्रावधान है। इसी कानूनी ढांचे के अनुरूप आवश्यक कदम उठाए गए।”

पंजाब वन्यजीव विभाग के अतिरिक्त प्रमुख मुदस्सर हसन के अनुसार, शेर पिछले कुछ सप्ताह से बीमार थे। उन्होंने कहा कि कुछ शेरों में विकलांगता भी विकसित हो गई थी और प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है कि सफारी पार्क में और शेर या जिराफ की मौत न हो।

उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। (भाषा)


अन्य पोस्ट