अंतरराष्ट्रीय

इमरान ख़ान की एक आंख की रोशनी 15 प्रतिशत बचने की रिपोर्ट पर उनके बेटे ने क्या कहा
13-Feb-2026 8:45 AM
इमरान ख़ान की एक आंख की रोशनी 15 प्रतिशत बचने की रिपोर्ट पर उनके बेटे ने क्या कहा

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान के वकीलों ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट को उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी.

वकीलों का कहना है कि इमरान ख़ान की दाईं आंख में देखने की क्षमता केवल 15 प्रतिशत बची है.

जेल में बंद इमरान ख़ान के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद उनके बेटे कासिम ख़ान की प्रतिक्रिया आई है.

उन्होंने पाकिस्तान सरकार पर आरोप लगाया कि यह 'लापरवाही और जानबूझकर जेल में उचित इलाज न देने का नतीजा' है.

कासिम ख़ान ने एक्स पर लिखा, "इसकी ज़िम्मेदारी सीधे तौर पर सरकार, सेना प्रमुख और इस क्रूरता को संभव बनाने वाले लोगों पर है."

उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनके भाई को उनके पिता से मिलने के लिए वीज़ा नहीं दिया जा रहा है.

कासिम ख़ान लंदन में रहते हैं और उनके पास ब्रिटिश नागरिकता है.

इमरान ख़ान के वकीलों ने कहा है कि ख़ान को तीन से चार महीने पहले धुंधला दिखाई देना शुरू हुआ था. जेल अधीक्षक को बताने के बावजूद, उन्हें केवल आई ड्राप्स दिए गए और इसके अलावा कोई क़दम नहीं उठाया गया. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट