अंतरराष्ट्रीय

रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन के शहरों पर हमला किया
12-Feb-2026 8:08 PM
रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से यूक्रेन के शहरों पर हमला किया

कीव, 12 फरवरी। रूस ने बुधवार रात यूक्रेन के शहरों पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के आवासीय क्षेत्रों और विद्युत ग्रिड समेत यूक्रेन के कई इलाकों पर रूसी हवाई हमले जारी हैं।

यूक्रेनी वायुसेना ने कहा कि बुधवार रात से लेकर बृहस्पतिवार तक रूस ने हमलों में लंबी दूरी के 219 ड्रोन, 24 बैलिस्टिक मिसाइलों और एक विमान मिसाइल का इस्तेमाल किया।

वायुसेना के अनुसार, मुख्य रूप से यूक्रेन की राजधानी कीव, दूसरे सबसे बड़े शहर खारकीव, मध्य यूक्रेन में स्थित निप्रो और दक्षिणी बंदरगाह शहर ओडेसा पर हमले किए गए।

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस युद्ध रोकने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में होने वाली दूसरे दौर की बातचीत को लेकर हिचकिचा रहा है।

जेलेंस्की ने बुधवार रात कहा कि अमेरिका ने अगले सप्ताह मियामी या संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबूधाबी में रूसी और यूक्रेनी अधिकारियों के बीच आगे की बातचीत का प्रस्ताव रखा है। दोनों पक्षों के बीच पिछली वार्ता अबूधाबी में हुई थी।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन ने तुरंत पुष्टि कर दी है कि वह वार्ता में शामिल होगा।

जेलेंस्की ने पत्रकारों से कहा, “अब तक जहां तक मैं समझ रहा हूं, रूस हिचकिचा रहा है।”

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक और दौर की वार्ता जल्द हो सकती है। हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। (एपी)


अन्य पोस्ट