अंतरराष्ट्रीय
कनाडा पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए टैरिफ़ के विरोध में अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में वोटिंग हुई है. इससे जुड़ा प्रस्ताव 'हाउस ऑफ़ रिप्रज़ेंटेटिव्स' में पास हुआ है.
कनाडा पर ट्रंप के टैरिफ़ को रद्द करने से जुड़ा प्रस्ताव 219-211 वोटों से पास हुआ है. इस दौरान क्रॉस वोटिंग भी हुई.
ट्रंप की पार्टी यानी रिपब्लिकन पार्टी के छह सांसदों ने प्रस्ताव के समर्थन में वोट दिया है, जबकि डेमोक्रेटिक पार्टी के एक सांसद ने प्रस्ताव के ख़िलाफ़ वोटिंग की है.
वोटिंग के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए रिपब्लिकन सांसदों को चेतावनी दी कि जो भी टैरिफ़ के ख़िलाफ़ वोट करेगा, उसे चुनाव के समय 'गंभीर नतीजे' भुगतने पड़ेंगे.
ट्रंप का कहना है कि कनाडा ने कई वर्षों तक व्यापार के मामले में अमेरिका का 'फ़ायदा उठाया' है.
उन्होंने कनाडा पर कई तरह के टैरिफ़ लगाए हैं. हाल ही में कनाडा और चीन के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते के जवाब में ट्रंप ने कनाडा पर 100 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है.
अब यह प्रस्ताव अमेरिकी संसद के दूसरे सदन यानी सीनेट में जाएगा, जहां रिपब्लिकन पार्टी का बहुमत है. भले ही यह सीनेट से भी पास हो जाए, फिर भी इसके क़ानून बनने की संभावना कम ही है. (bbc.com/hindi)


