अंतरराष्ट्रीय

इस्लामाबाद हमले के मास्टरमाइंड के बारे में पाकिस्तान के गृह मंत्री ने ये बताया
08-Feb-2026 8:47 AM
इस्लामाबाद हमले के मास्टरमाइंड के बारे में पाकिस्तान के गृह मंत्री ने ये बताया

पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी ने बताया है कि इस्लामाबाद के इमामबाड़ा में हुए धमाके के मास्टरमाइंड को पकड़ लिया गया है.

इस्लामाबाद में तरलाई इलाक़े के इमामबाड़ा में शुक्रवार को हुए आत्मघाती धमाके में कम से कम 31 लोगों की मौत हुई है.

शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान नक़वी ने कहा कि धमाके का मास्टरमाइंड आईएसआईएस से जुड़ा एक अफ़ग़ान नागरिक है.

उन्होंने बताया कि चार लोगों को पकड़ा गया है, जिन पर शिया मस्जिद में हुए आत्मघाती बम धमाके में मदद करने का शक है. उनके मुताबिक़ पकड़े गए इन चार लोगों में हमले का मास्टरमाइंड भी शामिल है.

नक़वी ने आरोप लगाया कि हमले की सारी प्लानिंग और ट्रेनिंग अफ़ग़ानिस्तान में हुई थी.

उन्होंने कहा, "अब हमारे पास ऐसे लोग हिरासत में हैं, जिन्होंने इस बारे में पूरी जानकारी दी है कि हमलावर को कैसे लाया गया और ट्रेनिंग दी गई."

नक़वी ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में हो रहे 'आतंकवाद की जड़ें' अफ़ग़ानिस्तान में हैं. वहीं अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार पाकिस्तान के आरोपों का खंडन करती रही है.

पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के साथ-साथ भारत पर भी आरोप लगाए हैं.

शनिवार की अपनी प्रेस कॉन्फ़्रेंस ने नक़वी ने ये आरोप लगाया कि 'अफ़ग़ानिस्तान से ऑपरेट हो रहे आतंकवादी नेटवर्क को भारत फ़ंड दे रहा' है. हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया.

वहीं भारत का विदेश मंत्रालय पाकिस्तान के दावों को पहले ही ख़ारिज कर चुका है.

भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को ही बयान जारी कर कहा था, "इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुआ बम धमाका निंदनीय है और भारत इसमें हुई मौतों पर शोक ज़ाहिर करता है."

"यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पाकिस्तान अपनी सामाजिक समस्याओं को गंभीरता से सुलझाने की बजाए, अपनी घरेलू बुराइयों के लिए दूसरों को दोष देकर ख़ुद को धोखा दे रहा है."

"भारत ऐसे किसी भी आरोप को ख़ारिज करता है, जो कि आधारहीन है."  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट