अंतरराष्ट्रीय
-डेनिएल केय
अमेरिकी अख़बार द वॉशिंगटन पोस्ट ने छंटनी की घोषणा की है. वह अपने कर्मचारियों में से एक-तिहाई को नौकरी से निकाल रहा है.
बुधवार को किए गए एलान के मुताबिक़, यह कटौती कई विभागों में होगी, जिसमें स्पोर्ट्स, लोकल और इंटरनेशनल से जुड़ी टीम पर सबसे ज़्यादा असर पड़ेगा.
कार्यकारी संपादक मैट मरे ने कहा कि यह क़दम 'स्थिरता' लाएगा. लेकिन कर्मचारियों और कुछ पूर्व नेताओं ने इस फ़ैसले की आलोचना की. एक कर्मचारी ने इसे अख़बार के इतिहास का सबसे 'डार्क डे' बताया.
मैट मरे ने बुधवार को स्टाफ को लिखे नोट में कहा कि आज की ख़बर दुखद है, यह कठिन क़दम है. उन्होंने लिखा, "अगर हमें आगे बढ़ना है, सिर्फ़ टिके नहीं रहना तो हमें अपनी पत्रकारिता और बिज़नेस मॉडल को नए जोश के साथ बदलना होगा."
उन्होंने बताया कि पिछले तीन साल में अख़बार का ऑनलाइन ट्रैफ़िक काफ़ी गिर गया, ख़ासकर आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के दौर में. हम अच्छा काम करते हैं, लेकिन अक्सर एक ही नज़रिए से लिखते हैं और सिर्फ़ एक हिस्से के पाठकों के लिए.
इस एलान से पहले फ़ॉरेन और लोकल रिपोर्टरों ने अख़बार के मालिक जेफ़ बेज़ोस से अपनी नौकरियां बचाने की अपील की थी.
वॉशिंगटन पोस्ट गिल्ड ने बुधवार को बयान में कहा, "कर्मचारियों को लगातार हटाना अख़बार को कमज़ोर करेगा, पाठकों को दूर करेगा और अख़बार के मिशन को नुक़सान पहुंचाएगा." (bbc.com/hindi)


