अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप ने शी जिनपिंग से फ़ोन पर बात करने के बाद ट्रुथ सोशल पर क्या लिखा?
05-Feb-2026 9:00 AM
ट्रंप ने शी जिनपिंग से फ़ोन पर बात करने के बाद ट्रुथ सोशल पर क्या लिखा?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा कि अमेरिका और चीन के बीच रिश्ते "बेहद अच्छे" हैं.

यह बयान उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हुई उस फ़ोन बातचीत के बाद दिया, जिसे उन्होंने "बेहतरीन" बताया.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "चीन के साथ रिश्ता, और राष्ट्रपति शी के साथ मेरा निजी रिश्ता, बेहद अच्छा है. हम दोनों समझते हैं कि इसे ऐसे ही बनाए रखना कितना ज़रूरी है."

ट्रंप ने कहा कि उनकी और शी जिनपिंग की बातचीत में व्यापार, ताइवान, रूस-यूक्रेन युद्ध, ईरान और चीन की उनकी प्रस्तावित यात्रा पर चर्चा हुई.

राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर राष्ट्रपति शी के साथ हुई कॉल का पूरा ब्योरा भी साझा किया.

उन्होंने लिखा, "मैंने अभी चीन के राष्ट्रपति शी के साथ एक बेहतरीन टेलीफ़ोन बातचीत पूरी की है. यह लंबी और विस्तार से हुई बातचीत थी, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. इनमें व्यापार, सैन्य मामले, अप्रैल में चीन की मेरी यात्रा, जिसको लेकर मैं काफी उत्साहित हूं, ताइवान, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध, ईरान की मौजूदा स्थिति, चीन द्वारा अमेरिका से तेल और गैस की खरीद, चीन द्वारा अतिरिक्त कृषि उत्पाद खरीदने पर विचार, जिसमें मौजूदा सीजन में सोयाबीन ख़रीद की मात्रा बढ़ाकर 20 मिलियन टन करना शामिल है. उन्होंने अगले सीजन के लिए 25 मिलियन टन की प्रतिबद्धता जताई है."

ट्रंप ने आगे लिखा, "इसके अलावा विमान के इंजनों की आपूर्ति और कई अन्य मुद्दों पर भी बात हुई. सभी चर्चाएं बेहद सकारात्मक रहीं. चीन के साथ रिश्ता, और राष्ट्रपति शी के साथ मेरा निजी रिश्ता, बेहद अच्छा है और हम दोनों समझते हैं कि इसे बनाए रखना कितना ज़रूरी है. मुझे विश्वास है कि मेरे राष्ट्रपति कार्यकाल के अगले तीन सालों में राष्ट्रपति शी और पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ़ चाइना के साथ मिलकर कई सकारात्मक नतीजे सामने आएंगे." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट