अंतरराष्ट्रीय
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने दावा किया है अमेरिका के साथ उनके देश की बातचीत अगले कुछ दिनों में तय हो जाएगी.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इस्माइल बक़ाई ने ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ‘इरना’ से कहा कि ओमान, तुर्की और कुछ अन्य देशोें ने इस बातचीत की मेज़बानी की इच्छा जताई है. लेकिन अभी कोई जगह तय नहीं की गई है. हालांकि इस पर जल्द फ़ैसला हो जाएगा.
मंगलवार शाम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस बात की पुष्टि की थी ईरान के साथ बातचीत की प्रक्रिया चल रही है.
इससे पहले व्हाइट हाउस के एक प्रवक्ता ने साफ़ किया था कि ईरानी अधिकारियों से बातचीत के लिए अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ का कार्यक्रम पहले की तरह बना हुआ है.
इससे पहले अमेरिकी युद्धपोत अब्राहम लिंकन ने एक ईरानी ड्रोन को मार गिराया था. इससे ये आशंका जताई जा रही थी कि शायद बातचीत में अड़चन आ सकती है.
ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत ऐसे समय में शुरू हो रही है, जब दिसंबर 2025 में ईरान में विरोध-प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और सुरक्षा बलों की सख़्त कार्रवाई में हज़ारों प्रदर्शनकारी मारे गए और घायल हुए थे. (bbc.com/hindi)


