अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान का दावा, अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली बातचीत में शामिल होने का न्योता मिला
04-Feb-2026 9:09 AM
पाकिस्तान का दावा, अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली बातचीत में शामिल होने का न्योता मिला

-रोहन अहमद

पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच होने वाली बातचीत में हिस्सा ले सकता है. पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने बीबीसी उर्दू से इस बातचीत का निमंत्रण मिलने की पुष्टि की है.

हालांकि अभी यह तय नहीं हुआ है कि बातचीत में पाकिस्तान की ओर से कौन हिस्सा लेगा. वहीं, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की टीम के एक सदस्य ने बीबीसी उर्दू को बताया कि उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक डार के बातचीत में शामिल होने की संभावना है.

उधर एक अरब अधिकारी ने एएफपी को बताया कि यह बैठक शुक्रवार को तुर्की में होने की संभावना है. रॉयटर्स से बात करते हुए एक अन्य अधिकारी ने कहा कि बातचीत की प्राथमिकता किसी भी टकराव को रोकना और दोनों पक्षों के बीच तनाव कम करना है.

उन्होंने यह भी बताया कि कई अन्य क्षेत्रीय शक्तियों को भी बातचीत में आमंत्रित किया गया है. अधिकारी के अनुसार, पाकिस्तान, सऊदी अरब, कतर, मिस्र, ओमान और संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों को विदेश मंत्रियों के स्तर पर बुलावा भेजा गया है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट