अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका ने कहा, 'यूएसएस अब्राहम लिंकन की ओर बढ़ रहे ईरानी ड्रोन को मार गिराया'
04-Feb-2026 8:47 AM
अमेरिका ने कहा, 'यूएसएस अब्राहम लिंकन की ओर बढ़ रहे ईरानी ड्रोन को मार गिराया'

अमेरिकी सेना ने एक प्रवक्ता ने कहा है कि मंगलवार को अरब सागर में एक ईरानी ड्रोन को "आक्रामक तरीके से" अमेरिकी विमानवाहक पोत के करीब आते वक्त मार गिराया गया.

यूएस सेंट्रल कमांड के प्रवक्ता कैप्टन टिम हॉकिन्स के मुताबिक, यूएसएस अब्राहम लिंकन युद्धपोत से उड़ान भरने वाले एक एफ़-35सी स्टेल्थ फ़ाइटर जेट ने विमानवाहक पोत और उस पर मौजूद कर्मियों की सुरक्षा की खातिर 'आत्मरक्षा में' इस ड्रोन को मार गिराया.

जब ड्रोन पोत के करीब आया, उस समय यह जहाज़ ईरान के तट से करीब 500 मील दूर था और ड्रोन किस इरादे से पोत की ओर बढ़ा था, यह भी स्पष्ट नहीं था.

इस घटना में किसी भी अमेरिकी उपकरण को नुकसान नहीं पहुंचा और न ही किसी सैनिक को चोट आई.

यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब अमेरिका इस क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है और उसका ईरान के साथ तनाव चरम पर बना हुआ है.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह धमकी दी है कि अगर ईरान परमाणु समझौते पर बात नहीं करता है तो वह उसके ख़िलाफ़ सैन्य कार्रवाई कर सकते हैं.

ईरानी ड्रोन गिराने के बाद व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लेविट ने फॉक्स न्यूज़ से कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच इस सप्ताह के आख़िर में बातचीत प्रस्तावित है.

उन्होंने कहा, "ट्रंप हमेशा सबसे पहले कूटनीतिक रास्ता अपनाने के लिए प्रतिबद्ध रहते हैं. लेकिन उनके पास हमेशा कई विकल्प होते हैं, जिनमें सैन्यबल का इस्तेमाल भी शामिल है." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट