अंतरराष्ट्रीय

ग्रीनलैंड को लेकर राजनीतिक तनाव से खासे चिंतित हैं वैज्ञानिक
03-Feb-2026 4:16 PM
ग्रीनलैंड को लेकर राजनीतिक तनाव से खासे चिंतित हैं वैज्ञानिक

आर्कटिक और ग्रीनलैंड में हो रहा शोध जलवायु परिवर्तन और जेनेटिक्स जैसी सबसे बड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. लेकिन रिसर्चरों को डर है कि अब इस क्षेत्र में देशों के बीच होने वाला आपसी सहयोग खतरे में है

  डॉयचे वैले पर मैथ्यू वार्ड आगीयूस का लिखा-

व्यापारिक और रक्षा संबंधी विवादों के कारण यूरोप-अमेरिका संबंधों में आई दरार अब विज्ञान के क्षेत्र पर भी असर डाल सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इन मतभेदों को जल्द नहीं सुलझाया गया, तो दशकों पुरानी वैश्विक वैज्ञानिक साझेदारी खतरे में पड़ जाएगी.

पिछले 30 से भी ज्यादा सालों से, आर्कटिक के देश मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि इस क्षेत्र में हो रहे भौतिक, जैविक और सामाजिक बदलावों को समझा जा सके. 1970 के दशक के बाद से, आर्कटिक हर साल लगभग 33,000 वर्ग मील समुद्री बर्फ खो रहा है, जो कि चेक गणराज्य के कुल क्षेत्रफल के बराबर है.

यहां तक कि शीत युद्ध के दौरान भी, अमेरिका और रूस के वैज्ञानिकों ने कनाडा, डेनमार्क, नॉर्वे, आइसलैंड, फिनलैंड और स्वीडन के शोधकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया और अपने शोध साझा किए. जब शीत युद्ध खत्म हुआ, तब 1991 में 'आर्कटिक काउंसिल' की स्थापना ने इस वैज्ञानिक सहयोग को और भी मजबूत बना दिया.

हालांकि, 2022 में जब रूस ने यूक्रेन पर हमला किया, तो पुरानी दीवारें फिर से खड़ी हो गईं और आर्कटिक में दशकों से चल रहा साझा वैज्ञानिक काम रुक गया. अब अगर यूरोप और अमेरिका के बीच भी राजनीतिक रिश्ते खराब होते हैं, तो स्थिति और भी उलझ सकती है.

आर्कटिक और ग्रीनलैंड में शोध क्यों जरूरी है?

ग्रीनलैंड आज भले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की महत्वाकांक्षाओं की वजह से चर्चा में है, लेकिन यह असल में पृथ्वी के लिए ‘कोयले की खान में कैनरी' यानी खतरे के शुरुआती संकेत की तरह है. यह उन चुनिंदा जगहों में से एक है जो बढ़ते पर्यावरणीय खतरों का सबसे पहले और सबसे सटीक संकेत देते हैं. यह जगह दुनिया पर मंडराते खतरों की समय रहते चेतावनी देता है.

आर्कटिक में क्यों हो रही है पोलर भालुओं की बायॉप्सी

ग्रीनलैंड का लगभग 80 फीसदी हिस्सा बर्फ की एक विशाल चादर से ढका हुआ है. यह बर्फ जलवायु संकट के उस नाजुक मोड़ पर है, जहां से वापसी शायद मुमकिन नहीं है. इंसानी गतिविधियों की वजह से बढ़े कार्बन उत्सर्जन के कारण यह बर्फ अब तेजी से पिघल रही है. पिघलती बर्फ की वजह से ग्रीनलैंड के दुर्लभ खनिजों तक पहुंच आसान हो सकती है, जो संसाधन की कमी झेल रही अर्थव्यवस्थाओं के लिए फायदेमंद हो सकता है. लेकिन, अगर यह पूरी बर्फ पिघल गई, तो दुनिया भर में समुद्र का स्तर 7.4 मीटर तक बढ़ सकता है. इससे तटीय क्षेत्रों में रहने वाले करोड़ों लोगों का जीवन खतरे में पड़ जाएगा.

यह बर्फ शोध के लिए भी काफी अहम है. गहराई तक ड्रिल करके निकाले गए बर्फ के नमूने किसी टाइम मशीन से कम नहीं हैं. इन विशाल टुकड़ों में कैद हवा के छोटे-छोटे बुलबुले और कार्बन के कण हमें पृथ्वी के वायुमंडल के हजारों साल पुराने इतिहास की झलक दिखाते हैं. वैज्ञानिक पिछले कई दशकों से मिलकर काम कर रहे हैं, ताकि पर्यावरण में हो रहे बदलावों, बर्फ की चादरों एवं ग्लेशियरों के पिघलने, और ग्रीनलैंड के साथ-साथ पूरे आर्कटिक की जमीन और समुद्र के जटिल पारिस्थितिक तंत्र को समझा जा सके.

दुनियाभर के महासागरों को मापना— वरदान है या अभिशाप?

यह जगह कई बड़ी खोजों का गवाह रही है. जैसे, ‘यॉर्क उल्कापिंड', जो धरती से टकराने वाली लोहे की सबसे बड़ी चट्टानों में से एक है. साथ ही, यहां मिले चुंबकीय गुणों वाले प्राचीन पत्थरों की मदद से ही 2024 में अमेरिका और ब्रिटेन के वैज्ञानिकों ने यह पता लगाया कि पृथ्वी का चुंबकीय क्षेत्र 37 लाख साल पुराना है. आर्कटिक क्षेत्र के मूल समुदायों की संस्कृति को संरक्षित करने और उनके स्वास्थ्य की स्थिति को बेहतर ढंग से समझने के लिए सामाजिक विज्ञान और चिकित्सा शोध काफी अहम हैं. ये शोध उन समुदायों की जीवनशैली और उनकी चुनौतियों पर प्रकाश डालते हैं.

मैरिबेथ मैरी, कनाडा की एनवायरनमेंटल आर्कियोलॉजिस्ट और आर्कटिक इंस्टीट्यूट ऑफ नॉर्थ अमेरिका की डायरेक्टर हैं. उन्होंने डीडब्ल्यू को बताया, "यह सुनने में भले ही पुरानी घिसी-पिटी बात लगे, लेकिन सच यही है कि आर्कटिक में जो भी होता है, उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ता है. यह मुद्दा इतना बड़ा है कि कोई भी छोटी संस्था या अकेला देश इसे अपने दम पर नहीं संभाल सकता.”

इस इलाके को लेकर चिंतित हैं वैज्ञानिक

ग्रीनलैंड पर ट्रंप का रुख फिलहाल शांत हो गया है, लेकिन वैज्ञानिक चिंताएं अभी भी बनी हुई हैं. मैरी ने कहा कि ग्रीनलैंड को लेकर तनाव के कारण वैज्ञानिक समुदाय का एक हिस्सा इस इलाके में भविष्य की परियोजनाओं को लेकर सावधानी बरत रहा है. उन्होंने कहा, "हम काफी असहज महसूस कर रहे हैं.”

ध्रुवों के बारे में शोध करने वाले वैज्ञानिकों ने अपनी आंखों से देखा है कि कैसे देशों के आपसी झगड़े वैज्ञानिक शोध पर असर डाल सकते हैं. रूस-यूक्रेन युद्ध ने वैज्ञानिकों के बीच दशकों पुराने रिश्तों को खत्म कर दिया है. उनके बीच अच्छे शोध की अदला-बदली भी रुक गई है. इंटरैक्ट (INTERACT) प्रोजेक्ट इसका एक बड़ा उदाहरण है. इंटरैक्ट को पूरे आर्कटिक के लिए एक ऐसे कार्यक्रम के तौर पर बनाया गया था जो शोध को साझा करता था. इसके जरिए वैज्ञानिकों को अलग-अलग देशों में मौजूद दर्जनों शोध केंद्रों और सुविधाओं का इस्तेमाल करने की आजादी मिलती थी.

पक्षियों के प्रवास के तरीके को कैसे बदल रहा है जलवायु परिवर्तन

मार्गरिटा योहानसन, एक क्रायोस्फीयर वैज्ञानिक हैं और इंटेरैक्ट की कोऑर्डिनेटर थीं. अब वह स्वीडिश पोलर रिसर्च सेक्रेटेरिएट से जुड़ी हैं. उन्होंने बताया, "हमने पूरे आर्कटिक में यह संघ बनाने में कामयाबी हासिल की थी, जिसमें आर्कटिक के सभी आठ देश शामिल थे.”

यूरोपीय संघ की फंडिंग की मदद से यूरोपीय वैज्ञानिक शोध के लिए रूस जा पाते थे और रूस का डेटा भी आसानी से यूरोपीय शोध केंद्रों तक पहुंचता था. बाद में, अमेरिका और कनाडा के शोधकर्ता भी अपने यूरोपीय साथियों के साथ शोध साझा करने में सफल रहे. योहानसन ने डीडब्ल्यू को बताया, "लेकिन फिर फरवरी 2022 में स्थितियां बदल गईं और हमारे लिए उस तरह का तालमेल बनाए रखना मुमकिन नहीं रह गया.”

यूरोप के रुख की वजह से रूस के 21 रिसर्च स्टेशनों को काम से अलग कर दिया गया है, जिसका विज्ञान पर बहुत गहरा असर पड़ा है. 2025 की शुरुआत में योहानसन की एक रिपोर्ट में बताया गया कि कैसे देशों की नीतियों और लोगों के निजी नैतिक फैसलों की वजह से रूसी विज्ञान को ‘इंटरैक्ट' से बाहर कर दिया गया और साइंस डिप्लोमेसी के रास्ते बंद हो गए. योहानसन ने कहा, "अगर आप सभी रूसी स्टेशनों को हटा देते हैं, तो हमें असल में पता ही नहीं चलेगा कि आर्कटिक में क्या हो रहा है.”

वैज्ञानिक शोधों के जरिए भी मजबूत होते हैं अंतरराष्ट्रीय संबंध

इंटरैक्ट जैसे प्रोग्राम और सामान्य रूप से आर्कटिक रिसर्च, वास्तव में ‘साइंस डिप्लोमेसी' के उदाहरण हैं. आसान शब्दों में कहें, तो यह कूटनीतिक प्रयासों के जरिए विज्ञान को बढ़ावा देने या फिर अंतरराष्ट्रीय रिश्तों को मजबूत करने के लिए विज्ञान को इस्तेमाल करने का तरीका है.

ध्रुवों पर काम करने वाली अधिकतर महिलाओं के अनुभव खराब रहेः रिपोर्ट

पॉल बर्कमान, हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से जुड़े साइंस डिप्लोमैट हैं. उन्होंने डीडब्ल्यू को बताया कि विज्ञान अलग-अलग देशों के साझा हितों को पूरा करने और उनके बीच की कड़वाहट या दुश्मनी को कम करने में मदद कर सकता है. वह आगे कहते हैं, "साइंस डिप्लोमेसी सहयोगियों और विरोधियों, दोनों के लिए समान रूप से एक ऐसा रास्ता है जिसके जरिए वे साझा हित तैयार कर सकते हैं. इसके अलावा, जरूरी मुद्दों पर अल्पकालिक से लेकर दीर्घकालिक सोच के साथ काम कर सकते हैं.”

बर्कमान ने कहा कि साइंस डिप्लोमेसी जरूरी चुनौतियों से निपटने का रास्ता दे सकती है, चाहे वह सैन्य टकराव हो या जलवायु परिवर्तन. वह बताते हैं, "आर्कटिक एक दोधारी तलवार की तरह है. यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां वैश्विक संघर्ष भड़क सकता है, लेकिन साथ ही यह वैश्विक शांति का स्रोत भी बन सकता है. चीन, रूस, अमेरिका, यूरोप और अब दुनिया भर के कई देशों का जिस तरह यहां जमावड़ा हो रहा है, वह आपसी बातचीत को बढ़ावा देने का एक बड़ा अवसर है."

आर्कटिक-अंटार्कटिक: दुनिया के दो छोरों में कितना अंतर

आर्कटिक और अंटार्कटिक, दुनिया के दो छोर हैं. पृथ्वी के दो सिरे. दोनों जगहों पर जहां तक देखो बर्फ ही बर्फ. सतही तौर पर दोनों एक से दिखते हैं, लेकिन इनमें काफी फर्क है. आर्कटिक और अंटार्कटिक में क्या अंतर है, देखिए.

भूगोल की एक काल्पनिक लकीर

पृथ्वी के बीच एक काल्पनिक रेखा मानी जाती है इक्वेटर, यानी विषुवत रेखा. जीरो डिग्री अक्षांश की यह लकीर पृथ्वी को उत्तरी और दक्षिणी गोलार्ध में बांटती है. अंग्रेजी में, नॉदर्न और सदर्न हेमिस्फीयर. यह उत्तरी और दक्षिणी ध्रुव की आधी राह में है. आर्कटिक जहां उत्तरी गोलार्ध में है, वहीं अंटार्कटिक दक्षिणी गोलार्ध में है. तस्वीर में: अंटार्कटिक का माउंट एरेबस

एक समंदर है, दूसरा महादेश

बचपन में भूगोल के पाठ में आपने महादेशों और महासागरों के नाम याद किए होंगे. सात महादेशों में से एक है अंटार्कटिक और पांच महासागरों में से एक है आर्कटिक. अंटार्कटिक, सागर से घिरी जमीन है. वहीं आर्कटिक जमीन से घिरा सागर. यह दोनों इलाकों के बीच का सबसे बड़ा फर्क है.

बर्फ में भी अंतर

आर्कटिक महासागर के ऊपर बर्फ की जो पतली परत है, वो लाखों साल पुरानी है. वैज्ञानिक इसे 'पेरीनियल आइस' कहते हैं. आर्कटिक की गहराई करीब 4,000 मीटर (चार किलोमीटर) है. उसकी अंदरूनी दुनिया को हम अब भी बहुत नहीं जानते. दूसरी तरफ अंटार्कटिक बर्फ की बहुत मोटी परत से ढका है. तस्वीर: अंटार्कटिक में गोता लगाती एक व्हेल

पेंग्विन और पोलर बियर

पेंग्विन और ध्रुवीय भालू, इन दोनों को आप साथ नहीं देखेंगे. पेंग्विन केवल दक्षिणी गोलार्ध में पाए जाते हैं. सबसे ज्यादा पेंग्विन अंटार्कटिक में रहते हैं. इसके अलावा गलापगोस आइलैंड्स, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड में भी इनकी कुदरती बसाहट है.

पोलर बियर का घर

पोलर बियर पृथ्वी के सुदूर उत्तरी हिस्से आर्कटिक में रहते हैं. देशों में बांटें तो इनकी बसाहट ग्रीनलैंड, नॉर्वे, रूस, अलास्का और कनाडा में है. पेंग्विन और पोलर बियर में एक समानता ये है कि क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल वॉर्मिंग के कारण दोनों के घर और खुराक पर बड़ा जोखिम मंडरा रहा है.

इंसानी रिहाइश

हजारों साल से आर्कटिक में इंसान रहते आए हैं. जैसे कि मूलनिवासी इनौइत्स और सामी. वहीं दक्षिणी ध्रुव से हमारी पहचान को बहुत ज्यादा वक्त नहीं बीता. 19वीं और 20वीं सदी में जिस तरह दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटियों तक पहुंचने की होड़ लगी थी, वैसी ही महत्वाकांक्षा साउथ पोल के लिए भी थी. काफी कोशिशों के बाद दिसंबर 1911 में नॉर्वे के खोजी रोल्ड एमंडसन को दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने में कामयाबी मिली.

 

हरियाली

अंटार्कटिक का ज्यादातर हिस्सा स्थायी रूप से बर्फ से ढका रहता है. ऐसे में पौधों के उगने के लिए बहुत कम ही जगह है. यहां ज्यादातर लाइकेन्ज और मॉस के रूप में ही वनस्पति है. आर्कटिक अपेक्षाकृत कहीं ज्यादा हरा-भरा है. यहां करीब 900 प्रजातियों की काई और 2,000 से भी ज्यादा प्रकार के वैस्क्यूलर प्लांट पाए जाते हैं. इनमें ज्यादातर फूल के पौधे हैं.

 

मौसम का फर्क

आर्कटिक के लिए जून का महीना 'मिड समर' है, यानी आधी गर्मी बीत गई और आधी बची है. मार्च से सितंबर तक सूरज लगातार क्षितिज से ऊपर होता है और 21 जून के आसपास यह सबसे ऊंचे पॉइंट पर पहुंचता है. वहीं अंटार्कटिक में इसका उल्टा है. वहां 21 दिसंबर के आसपास मिड समर होता है, यानी सूरज क्षितिज में सबसे ऊपर पहुंचता है.








 


अन्य पोस्ट