अंतरराष्ट्रीय
-जेमी व्हाइटहेड
दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से जुड़ी नई फ़ाइलें जारी होने के बाद ब्रिटेन के लेबर पार्टी के नेता पीटर मैंडेलसन ने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है. अपने ख़त में उन्होंने लिखा कि वह पार्टी को 'और शर्मिंदा' नहीं करना चाहते.
अमेरिका के जस्टिस डिपार्टमेंट की ओर से हाल ही में जारी की गई नई एपस्टीन फ़ाइलों के बाद दोषी यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से संबंधों को लेकर उन पर और जांच हो रही है.
पूर्व कैबिनेट मंत्री मैंडेलसन को एपस्टीन से उनके संबंधों के कारण पिछले साल अमेरिका के राजदूत के पद से हटा दिया गया था.
दस्तावेजों के मुताबिक़ एपस्टीन ने साल 2003 और 2004 में मेंडेलसन को 25 हज़ार डॉलर के तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में 75 हज़ार डॉलर का पेमेंट किया था.
लेबर पार्टी के जनरल सेक्रेटरी को लिखे अपने ख़त में, मैंडेलसन ने कहा कि इस हफ़्ते उन्हें जेफ़री एपस्टीन से फ़िर से जोड़ा गया है और उन्हें इस बात का अफ़सोस है.
उन्होंने लिखा, "मुझे पर लगे आरोप जो झूठ हैं कि उन्होंने (जेफ़री एपस्टीन ने) 20 साल पहले मुझे पेमेंट किया था, और जिसका मेरे पास कोई रिकॉर्ड या याद नहीं है, उसकी मुझे जांच करने की ज़रूरत है."
"ऐसा करते समय मैं लेबर पार्टी को और ज़्यादा शर्मिंदगी नहीं पहुंचाना चाहता और इसलिए मैं पार्टी की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे रहा हूं. मैं इस मौक़े पर उन महिलाओं और लड़कियों से फिर से माफ़ी मांगना चाहता हूं जिनकी आवाज़ बहुत पहले सुनी जानी चाहिए थीं."
"मैंने अपनी ज़िंदगी लेबर पार्टी के मूल्यों और सफलता के लिए समर्पित की है और यह फ़ैसला लेते हुए, मेरा मानना है कि मैं पार्टी के सबसे अच्छे हित में काम कर रहा हूं."
इससे पहले मैंडेलसन ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि जारी किए गए नए दस्तावेज़ असली हैं या नहीं. (bbc.com/hindi)


