अंतरराष्ट्रीय

रूसी सैन्य विमानों ने हमारे देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया: लिथुआनियाई राष्ट्रपति
24-Oct-2025 9:46 AM
रूसी सैन्य विमानों ने हमारे देश के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया: लिथुआनियाई राष्ट्रपति

विल्नुस (लिथुआनिया), 24 अक्टूबर। लिथुआनियाई राष्ट्रपति गितानस नौसेदा ने कहा है कि रूसी सैन्य विमानों ने कुछ समय के लिए लिथुआनिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया। उन्होंने इसे यूरोपीय संघ और नाटो सदस्य देश की क्षेत्रीय अखंडता का स्पष्ट उल्लंघन बताते हुए इसकी निंदा की।

लिथुआनिया के राष्ट्रपति नौसेदा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि लिथुआनिया के विदेश मंत्रालय ने उल्लंघन का विरोध करने के लिए लिथुआनिया की राजधानी विल्नुस में रूसी दूतावास के प्रतिनिधियों को तलब करने की योजना बनाई है।

नौसेदा ने ‘एक्स’ पर लिखा, "यह अंतरराष्ट्रीय कानून और लिथुआनिया की क्षेत्रीय अखंडता का स्पष्ट उल्लंघन है। इससे यूरोपीय वायु रक्षा तत्परता को मजबूत करने का महत्व एक बार फिर स्पष्ट होता है।’’

मॉस्को की ओर से इस घटना पर तत्काल कोई टिप्पणी सामने नहीं आई है।

लिथुआनियाई सशस्त्र बलों ने एक बयान में कहा कि बृहस्पतिवार को स्थानीय समयानुसार शाम लगभग 6 बजे, दो रूसी सैन्य विमान लिथुआनियाई हवाई क्षेत्र में लगभग 700 मीटर (765 गज) तक उड़े। उसने कहा कि एसयू-30 विमान और ईंधन भरने वाला विमान आईएल-78 लगभग 18 सेकंड बाद देश की हवाई सीमा से बाहर निकल गए।

लिथुआनियाई सशस्त्र बलों का मानना ​​है कि सैन्य विमान पड़ोसी रूसी क्षेत्र कैलिनिनग्राद में ईंधन भरने का अभ्यास कर रहे होंगे। (एपी)


अन्य पोस्ट