अंतरराष्ट्रीय

कंबोडिया ने थाईलैंड के साथ चल रही झड़पों के बीच तत्काल सीज़फ़ायर की मांग की है.
दोनों देशों के बीच दो दिनों से सीमा पार संघर्ष चल रहा है, जिसमें कई लोग मारे गए हैं और घायल हुए हैं.
संयुक्त राष्ट्र में कंबोडिया के राजदूत छिया केओ ने कहा कि उनका देश 'बिना किसी शर्त' के संघर्ष ख़त्म करने की मांग करता है.
साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि उनका देश इस 'विवाद का शांतिपूर्ण समाधान' चाहता है.
हालांकि थाईलैंड ने अभी तक कंबोडिया के इस प्रस्ताव पर सार्वजनिक तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
इससे पहले थाईलैंड ने कंबोडिया की सीमा से सटे आठ ज़िलों में मार्शल लॉ का ऐलान कर दिया था.
दोनों देशों के बीच गुरुवार को शुरू हुई झड़पों के बाद से अब तक कम से कम 16 लोग मारे गए हैं और 10 हज़ार से ज़्यादा लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है.
थाईलैंड और कंबोडिया एक दूसरे पर पहले गोली चलाने का आरोप लगा रहे हैं. (bbc.com/hindi)