अंतरराष्ट्रीय

बाइडन की उम्मीदवारी के ख़िलाफ़ डेमोक्रेटिक पार्टी के तीन और नेता सामने आए
13-Jul-2024 8:40 AM
बाइडन की उम्मीदवारी के ख़िलाफ़ डेमोक्रेटिक पार्टी के तीन और नेता सामने आए

जो बाइडन ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस की. उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज़ोर देकर कहा कि वह अभी भी अमेरिकी राष्ट्रपति पद के लिए फिट हैं.

लेकिन वो अपनी ही पार्टी के आलोचकों को चुप कराने में विफल रहे हैं.

तीन और डेमोक्रेटिक नेताओं ने बाइडन से अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने की मांग की है.

पिछले महीने रिपब्लिकन पार्टी के प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रम्प के साथ प्रेज़िडेंशियल डिबेट में अच्छा प्रदर्शन नहीं करने के बाद से 81 वर्षीय बाइडन को चुनावी रेस से हटाने की मांग शुरू गई है.

गुरुवार की रात को प्रेस कॉन्फ़्रेंस में बाइडन पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए अधिक स्थिर और धाराप्रवाह दिखे, लेकिन कुछ गलतियाँ भी थीं.

पहले प्रश्न का उत्तर देते समय उन्होंने ग़लती से अपनी डिप्टी कमला हैरिस को "उपराष्ट्रपति ट्रंप" कह दिया.

प्रेस कॉन्फ़्रेंस से दो घंटे पहले नेटो के एक कार्यक्रम में उन्होंने यूक्रेन के नेता वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की को 'राष्ट्रपति पुतिन' के नाम से संबोधित किया. हालांकि तुरंत उन्होंने ग़लती सही की.

अभिनेता जॉर्ज क्लूनी सहित कुछ डोनर्स (बाइडन को चंदा देने वाले) ने यह कहते हुए अपनी वित्तीय सहायता वापस ले ली है कि वह अगले चार साल का कार्यकाल पूरा करने में सक्षम नहीं हैं.

इसका मतलब है कि बाइडन की उम्मीदवारी अभी भी ख़तरे में है, अगले कुछ दिनों में और अधिक दलबदल की संभावना है.

बाइडन के लिए के लिए आगे बढ़ने में एक समस्या यह भी है कि हर कार्यक्रम में लोगों की उनपर पैनी नज़र होगी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट