इतिहास

इतिहास में 22 जनवरी
22-Jan-2026 12:41 PM
इतिहास में 22 जनवरी

22 जनवरी : स्टेन्स, उनके दो बेटे जिंदा जलाये गए, रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा हुई

नयी दिल्ली, 22 जनवरी। साल के पहले महीने का 22वां दिन इतिहास में एक दुखद घटना के साथ दर्ज है। ओडिशा के क्योंझर में 22 जनवरी 1999 को उत्पाती भीड़ ने ऑस्ट्रेलियाई मिशनरी ग्राहम स्टेन्स और उनके दो बेटों को जिंदा जला दिया था। इस घटना की धमक पूरी दुनिया में सुनाई दी।

मनोहरपुर गांव में भीड़ ने स्टेन्स और उनके दो बेटों को उनकी गाड़ी पर पेट्रोल छिड़क कर जला डाला। स्टेन्स वहां करीब 30 वर्ष से कुष्ठ रोगियों के लिए काम कर रहे थे, लेकिन उनपर उस इलाके में धर्मांतरण कराने का आरोप भी लगा था।

22 जनवरी 2019 को भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पूर्व अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी रघबीर सिंह भोला का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वह मेलबर्न में 1956 में ओलंपिक स्वर्ण ओर रोम में 1960 में ओलंपिक रजत पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हाकी टीम के सदस्य थे। उन्होंने 1954 से 1960 तक भारतीय वायुसेना और सेना की हाकी टीमों की कप्तानी की। सेना के विभिन्न विभागों के बीच हुई चैम्पियनशिप में उनकी टीम तीन बार विजेता रही और दो बार राष्ट्रीय चैम्पियनशिप जीती । उन्हें 2000 में अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया ।

22 जनवरी 2024 को अयोध्या के मंदिर में रामलला की नई मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की गई। मध्याह्न में 12 बजकर 29 मिनट पर भगवान राम के बाल स्वरूप के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की गयी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 84 सेकंड के 'अभिजीत मुहूर्त' के दौरान 'प्राण प्रतिष्ठा' के साथ 'गर्भगृह' में कई अनुष्ठान किए।

भगवान राम के बाल रूप की यह प्रतिमा 51 इंच लंबी है और उनकी पांच वर्ष की आयु को दर्शाती है और यह मैसूरु के मूर्तिकार अरुण योगीराज ने काले पत्थर से बनायी है।

राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद को लेकर चले मुकदमे में 2019 में उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक फैसले के बाद राम मंदिर निर्माण मंदिर संभव हुआ। अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को कारसेवकों ने 16वीं सदी में बनी बाबरी मस्जिद को ढहा दिया था। कई हिंदुओं का मानना है कि यह मस्जिद भगवान राम की जन्म स्थली पर बनायी गयी थी।

लंबी कानूनी लड़ाई के बाद उच्चतम न्यायालय ने नवंबर 2019 में मंदिर के निर्माण के पक्ष में फैसला सुनाया। उसने मस्जिद के निर्माण के लिए मुसलमानों को पांच एकड़ जमीन आवंटित करने का आदेश भी दिया था। इसके बाद अयोध्या में मंदिर के निर्माण का कार्य शुरु हुआ था। वास्तुकला की पारंपरिक नागर शैली में निर्मित मंदिर, लंबाई में 380 फुट (पूर्व-पश्चिम), चौड़ाई में 250 फुट और ऊंचाई में 161 फुट आकार का है। यह 392 स्तंभों पर टिका है और इसमें 44 दरवाजे हैं।

देश दुनिया के इतिहास में 22 जनवरी की तारीख पर दर्ज कुछ महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:

  • 1666 : दुनिया को ताजमहल के रूप में मोहब्बत का अजीम तोहफा देने वाले मुगल बादशाह शाहजहां का निधन।
  • 1901 : महारानी विक्टोरिया का निधन। महारानी विक्टोरिया ने 1837 में ग्रेट ब्रिटेन और आयरलैण्ड की महारानी के रूप में सिंहासन संभाला और अपनी मृत्यु तक इस पद पर रहीं।
  • 1973 : नाइजीरिया में जॉर्डन एयरलाइंस का विमान दुर्घटनाग्रस्त, करीब 200 लोगों की मौत।
  • 1973 : अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने गर्भपात को कानूनी तौर पर मान्यता दे दी। इसे अपराध की श्रेणी से निकालते हुए अदालत ने इसे महिला की निजता का संवैधानिक अधिकार बताया।
  • 1980 : सोवियत संघ ने सरकार-विरोधी परमाणु वैज्ञानिक आन्द्रेई सखारोव को नजरबंद किया। नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित सखारोव ने एक अमेरिकी टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में अफ़गानिस्तान से सोवियत सेनाएं वापस बुलाने की मांग की थी।
  • 1996 : कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय की वेधशाला के वैज्ञानिकों ने पृथ्वी से तकरीबन 3,50,000 प्रकाश वर्ष की दूरी पर दो नये ग्रहों की खोज की।
  • 1999 : ऑस्ट्रेलियाई मिशनरी ग्राहम स्टेन्स और उनके दो बेटों को उन्मादियों की भीड़ ने जिंदा जलाकर मार डाला।
  • 2001 : पाकिस्तान ने देश में तालिबान के सभी कार्यालयों को बंद किया और आतंक के सरगना ओसामा बिन लादेन की संपतियों पर रोक लगा दी।
  • 2009 : फिल्म स्लमडॉग मिलियनेयर को ऑस्कर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया।
  • 2019 : भारत के दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पूर्व अंतरराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी रघबीर सिंह भोला का 92 वर्ष की उम्र में निधन ।
  • 2020 : उत्तरी बुर्किना फासो के गांवों में आतंकवादी हमले में 36 लोगों की मौत।
  • 2021 : प्रख्यात भजन गायक नरेंद्र चंचल का नयी दिल्ली के एक अस्पताल में 76 वर्ष की उम्र में निधन ।
  • 2022 : भारत के पूर्व दिग्गज फुटबॉलर सुभाष भौमिक का कोलकाता में 72 वर्ष की उम्र में निधन । पूर्व भारतीय मिडफील्डर भौमिक 1970 में एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली टीम के सदस्य थे। उन्होंने एशियाई खेल 1974 में भी देश का प्रतिनिधित्व किया था। उन्होंने 1971 में मर्डेका कप में फिलीपीन्स के खिलाफ हैट्रिक बनायी थी।
  • 2023 : सीरिया के अलेप्पो शहर में इमारत गिरने से 16 लोगों की मौत। इसी दिन अमेरिका के लॉस एंजिलिस में गोलीबारी में 10 लोगों की मौत।
  • 2024 : चीन के युन्नान प्रांत में भूस्खलन से 31 लोगों की मौत । इसी दिन दक्षिण-पश्चिमी कांगो में ट्रक के खाई में गिरने से 18 लोगों की मौत।
  • 2025 : बाएं हाथ के तेज भारतीय गेंदबाज अर्शदीप सिंह कोलकाता में इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच के दौरान अपने विकेटों की संख्या 97 पहुंचाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में भारत के सबसे ज्यादा विकेट झटकने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने युजवेंद्र चहल के 96 विकेट की उपलब्धि को पीछे छोड़ दिया। (भाषा)

अन्य पोस्ट