इतिहास

इतिहास में आठ जून
08-Jun-2026 11:06 AM
इतिहास में आठ जून

आठ जून : मशहूर पटकथा लेखक और नाट्य निर्देशक हबीब तनवीर का निधन

नयी दिल्ली, 8 जून। दुनिया एक रंगमंच है और यहां हर कोई अपनी भूमिका निभाने आया है। बहुत से लोग अपनी भूमिका अच्छे से निभा पाते हैं और उनका नाम इतिहास में दर्ज हो जाता है। इस रंगमंच के ऐसे ही एक फनकार थे, हबीब तनवीर।

निर्देशक, कवि और अदाकार हबीब तनवीर आठ जून के दिन दुनिया के रंगमंच से विदा हुए थे। तनवीर के मशहूर नाटकों में ‘आगरा बाजार’ और ‘चरणदास चोर’ शामिल हैं। हबीब तनवीर ने 50 वर्ष की अपनी लंबी रंगमंच यात्रा में 100 से अधिक नाटकों का मंचन किया।

उन्होंने 2009 में आठ जून के ही दिन भोपाल में 85 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।

देश-दुनिया के इतिहास में आठ जून की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है :-

  • 1658 : औरंगजेब ने आगरा के क़िले पर क़ब्जा किया और शाहजहां को कैद कर लिया गया।
  • 1936 : भारत की सरकारी रेडियो सेवा ‘इंडियन स्टेट ब्रॉडकास्टिंग सर्विस’ का नाम बदलकर ‘ऑल इंडिया रेडियो’ किया गया।
  • 1948 : देश की सरकारी विमानन सेवा एअर इंडिया ने भारत और ब्रिटेन के बीच हवाई सेवा शुरू की। इस सेवा की यह पहली अंतरराष्ट्रीय उड़ान थी।
  • 1955 : अपनी तरह के पहले मुकदमे में ब्रिटेन में एक पुरुष को दूसरे पुरुष के साथ बलात्कार की कोशिश के मामले में सजा सुनाई गई।
  • 1983 : मार्गरेट थैचर के नेतृत्व में कंजर्वेटिव पार्टी ने ब्रिटेन के आम चुनाव में विपक्षी लेबर पार्टी की 209 सीट के मुकाबले 397 सीट जीतकर दूसरी बार बहुमत हासिल किया।
  • 2002 : आतंकवादी संगठन अबू सय्याफ के विरुद्ध फिलिपीन के राष्ट्रपति ने अभियान शुरू करने का आदेश दिया।
  • 2004 : भारत समेत दुनिया के कई देशों में 122 वर्ष के बाद शुक्र पारगमन का अद्भुत नजारा फिर देखा गया।
  • 2009 : मशहूर पटकथा लेखक, नाट्य निर्देशक, कवि और अभिनेता हबीब तनवीर का निधन।
  • 2016 : अलेप्पो के विद्रोही-नियंत्रित जिलों में हवाई हमलों में 15 लोग मारे गए और दर्जनों घायल हो गए।
  • 2020 : पूर्व अंतरिक्ष यात्री कैथी सुलिवन समुद्र के सबसे गहरे बिंदु 'चैलेंजर डीप' (मरियाना ट्रेंच) तक पहुंचने वाली दुनिया की पहली महिला बनीं।
  • 2021 : पाकिस्तान में सिंध के घोटकी जिले के ढरकी शहर के निकट कराची से सरगोधा जा रही ‘मिल्लत एक्सप्रेस’ पटरी से उतर गई और रावलपिंडी से कराची आ रही ‘सर सैयद एक्सप्रेस’ उससे टकरा गई। टक्कर के कारण मिल्लत एक्सप्रेस की बोगियां पलट गईं। इस हादसे में 65 लोगों की मौत हो गई तथा 100 अन्य घायल हो गए। इसी दिन पाकिस्तान के पहाड़ी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में यात्रियों को ले कर जा रही एक वैन नदी में जा गिरी जिससे 17 यात्रियों की मौत हो गई।
  • 2022 : पूर्वी ईरान में एक यात्री ट्रेन के एक ‘एक्स्कवेटर’ से टकराकर पटरी से उतरने से 22 यात्रियों की मौत हो गई और 87 अन्य घायल हो गए।
  • 2023 : दूरदर्शन पर अंग्रेजी में समाचार प्रस्तुत करने वाली भारत की पहली महिला प्रस्तोता गीतांजलि अय्यर का 70 साल की उम्र में निधन ।
  • 2024 : मीडिया जगत की जानी मानी हस्ती एवं खबरों और मनोरंजन की दुनिया में व्यापक बदलाव लाने वाले रामोजी समूह के अध्यक्ष रामोजी राव का 88 साल की उम्र में निधन । रामोजी राव ने समाचारपत्र ईनाडु और ईटीवी चैनल समूह की शुरुआत करके अविभाजित आंध्र प्रदेश में मीडिया जगत में क्रांतिकारी बदलाव किया। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।।
  • 2025 : सब-लेफ्टिनेंट अनामिका बी राजीव तमिलनाडु के अराक्कोनम स्थित नौसैन्य हवाई स्टेशन में पासिंग आउट परेड में प्रतिष्ठित ‘गोल्डन विंग्स’ प्राप्त करने के बाद भारतीय नौसेना की पहली महिला हेलीकॉप्टर पायलट बनीं। इसी दिन मध्य गाजा में भीषण लड़ाई में बच्चों सहित 94 फलस्तीनी मारे गए। (भाषा)

अन्य पोस्ट