सामान्य ज्ञान

कैरेबियाई सागर
05-Oct-2021 10:49 AM
कैरेबियाई सागर

कैरेबियाई सागर , अंध महासागर के मध्य-पश्चिमी भाग से जुड़ा हुआ एक समुद्र है। यह उष्ण कटिबंधीय क्षेत्र में पश्चिमी गोलार्ध में आता है। इसके पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम में मेक्सिको और मध्य अमेरिका हैं, उत्तर में बड़े ऐंटिलीस के द्वीप हैं और पूर्व में छोटे ऐंटिलीस के द्वीप हैं।  इस सागर का कुल क्षेत्रफल 27 लाख 54 हजार वर्ग किमी है।  इसका सबसे गहरा बिंदु केमन खाई  में पड़ता है और सतह से 7 हजार 686 मीटर नीचे है।

 प्लेट विवर्तनिकी के हिसाब से कैरिबियाई सागर कैरीबियाई तख्ते पर स्थित है। इसमें पांच गहरी द्रोणियां हैं जो एक दूसरे से जल के भीतर चल रही पहाड़ी शृंखलाओं से एक-दूसरे से बंटी हुई हैं। हालांकि इसकी सब से गहरी खाई (केमन खाई) 7 हजार 686 मीटर नीचे जाती है, फिर भी औसत रूप से यह समुद्र अन्य समुद्रों के मुकाबले में कम गहराई रखता है। इसमें कुछ स्थान ऐसे हैं जहां दो भौगोलिक तख्ते मिलते हैं, जैसे की पुएर्तो रीको खाई जहां उत्तर अमेरिकी तख्ता और कैरिबियाई तख्ता मिलते हैं। इन इलाक़ों में भूकंप और सूनामी आने का ख़तरा हमेशा बना रहता है। पिछले 500 सालों के ऐतिहासिक सुराग़ों के अनुसार इस क्षेत्र में 7.5 मैग्नीट्यूड से अधिक के 12 ज़लज़ले आ चुके हैं। 

कैरिबियाई सागर का नाम यहां रहने वाली कैरिब नाम की प्राचीन आदिवासी जनजाति पर पड़ा था। सन् 1492 में यूरोप से भारत का पश्चिमी मार्ग ढूंढता हुआ क्रिस्टोफऱ कोलम्बस इसी सागर में पहुंचा था। इसके बाद यहां पुर्तगाल, स्पेन, ब्रिटेन, फ्ऱांस और नीदरलैण्ड जैसी यूरोपियाई ताक़तों ने अपने उपनिवेश (कॉलोनियां) बना लिए। कैरिबियाई सागर पर समुद्री व्यापार बढ़ा और उसके साथ यहां जल-दस्युओं (पाइरेटों) का भी प्रकोप हो गया जो जहाज़ों को लूटकर यहां के अनगिनत छोटे-छोटे द्वीपों में  छुप जाया करते थे। आधुनिक युग में यहां 22 द्वीप क्षेत्र (राष्ट्र और राज्य) हैं और इस समुद्र पर उत्तर और मध्य अमेरिका के 12 अन्य राष्ट्रों के तट पड़ते हैं। सुहावना मौसम, साल-भर की धूंप, गरम पानी और भिन्न वातावरणों और संस्कृतियों के द्वीपों की वजह से यह एक लोकप्रिय पर्यटन का केंद्र बन गया है।


अन्य पोस्ट