गरियाबंद

भाजपा का दीपावली मिलन समारोह, संगठन की मजबूती और जनसेवा का संदेश
14-Nov-2026 4:52 PM
भाजपा का दीपावली मिलन समारोह, संगठन की मजबूती और जनसेवा का संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 14 नवंबर
। जिला भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को दीपावली मिलन समारोह एवं समरसता भोज का भव्य आयोजन किया गया।
दीपावली के उल्लास और आपसी भाईचारे के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। समारोह में उत्साह, उमंग और संगठनात्मक एकजुटता का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यालय परिसर आतिशबाजी, मिठाइयों और दीपावली की शुभकामनाओं से गुलजार रहा। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को पर्व की बधाई देते हुए खुशियां साझा कीं। इस आयोजन ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं को एक साथ बैठकर संवाद करने और आपसी आत्मीयता मजबूत करने का अवसर दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने प्रदेश की विष्णुदेव साय सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और किसानों के हित में लिए गए फैसलों का उल्लेख किया। उन्होंने सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
वहीं सांसद रूपकुमारी चौधरी और प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ और जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता के बीच अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर एवं वरिष्ठ नेता चंदूलाल साहू ने भी संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपसी सद्भाव और सामूहिक प्रयासों से ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है।
समरसता भोज ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक साथ समरसता भोज में सहभागिता की।
सभी ने मिलकर भोजन किया और आपसी मेल-मिलाप के साथ दीपावली की खुशियां बांटीं। कुल मिलाकर भाजपा का यह दीपावली मिलन समारोह केवल पर्व की शुभकामनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आपसी सद्भाव, सामाजिक समरसता, भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता का संदेश भी दे गया।


अन्य पोस्ट