गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 12 जून। ओडिशा सीमा से लगे ग्राम साहेबिनकछार में पुलिस एवं उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की संयुक्त टीम ने अवैध सागौन लकड़ी तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि सात आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। जांच में ओडिशा के लकड़ी तस्करों से जुड़े तार और अवैध फर्नीचर निर्माण के साक्ष्य भी सामने आए हैं।
कार्रवाई के डर से तालाब और जमीन में छिपाई गई लकड़ी
उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व उप निदेशक वरुण जैन से मिली जानकारी अनुसार अवैध सागौन तस्करों को वन विभाग की कार्रवाई की भनक लगते ही आरोपियों ने सागौन के चिरान और स्लीपरों को तालाब, डबरी, नदी किनारे तथा घर की बाड़ी में गड्ढा खोदकर छिपा दिया था। कुछ लकडिय़ां पूजा स्थलों में भी छिपाकर रखी गई थीं। स्निफर डॉग स्क्वाड ‘टीना’की मदद से इन स्थानों का पता लगाकर अवैध लकड़ी बरामद की गई।
6 लाख रुपये से अधिक की सागौन लकड़ी जब्त
5 जून एवं 9 जून को की गई कार्रवाई में कुल 4.56 घनमीटर सागौन एवं बीजा स्लीपर जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई गई है। मुनू दास और विधाधर दास के घर एवं बाड़ी से 193 नग सागौन स्लीपर सहित बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी बरामद हुई।
वन्यजीव शिकार से जुड़े साक्ष्य भी मिले
संयुक्त कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों के कब्जे से अनुसूची-ई के संरक्षित वन्यप्राणी साही के अवयव, शिकार में प्रयुक्त फंदे तथा अन्य सामग्री बरामद की गई। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपी पोटाश बम से वन्यप्राणी शिकार के एक पुराने प्रकरण (पीओआर 45/20, दिनांक 21 जनवरी 2026) में भी संदिग्ध रहे हैं।
आरा मशीन और बड़े फारे जब्त
वन अमले ने आरोपियों के कब्जे से एक पेट्रोल चालित आरा मशीन, तीन बड़े फारे (हाथ आरा) तथा अन्य अवैध सामग्री जब्त की है। कई आरोपियों के घरों में सागौन से बने सोफा सेट और अन्य फर्नीचर भी मिले हैं, जिससे ओडिशा के तस्करों से मिलीभगत कर अवैध फर्नीचर निर्माण का संदेह मजबूत हुआ है।
सर्च वारंट जारी कर हुई छापेमारी
उपनिदेशक उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व एवं सहायक संचालक उदंती (मैनपुर) के निर्देश पर 9 जून को दक्षिण उदंती, उत्तर उदंती, इंदागांव, कुल्हाड़ीघाट और अरसीकन्हार परिक्षेत्र के वन अमले ने साहेबिनकछार के कई संदिग्धों के घरों में सर्च वारंट के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध वनोपज और उपकरण जब्त किए गए।
पुलिस-वन विभाग और डॉग स्क्वाड की संयुक्त सफलता
वन विभाग ने बताया कि पूरी कार्रवाई गरियाबंद पुलिस से प्राप्त इनपुट के आधार पर की गई। अभियान में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के विभिन्न वन परिक्षेत्रों के अधिकारियों, कर्मचारियों, सुरक्षा श्रमिकों तथा स्निफर डॉग स्क्वाड ‘टीना’ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


