गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 23 मई। अभनपुर क्षेत्र में शादीशुदा प्रेमी जोड़े के आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। दोनों ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। इस घटना में महिला की मौत हो गई, जबकि युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया है। मामला अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पचेड़ा का है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर ग्राम पचेड़ा स्थित तालाब किनारे दोनों संदिग्ध हालत में पड़े मिले। आसपास के लोगों ने दोनों को तड़पता देख तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
मृतका की पहचान शारदा भारती (38) के रूप में हुई है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान शिव कुमार कुर्रे (45) के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों शादीशुदा थे और लंबे समय से उनके बीच प्रेम संबंध चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक दोनों एक दिन पहले से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी अभनपुर थाना में दर्ज कराई थी।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि प्रेम संबंध उजागर होने और सामाजिक दबाव के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि पुलिस अभी हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों समेत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।


