गरियाबंद

रेत भरे हाइवा ने 3 युवकों को कुचला, मौत
21-May-2026 12:54 PM
रेत भरे हाइवा ने 3 युवकों को कुचला, मौत

  राजिम-अभनपुर मार्ग पर हादसा  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 21 मई।
राजिम-अभनपुर मार्ग पर रेत से भरे तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक छोटे उरला निवासी डोमन टंडन रायपुर से काम कर मंगलवार रात घर लौटा था। कुछ देर बाद उसने परिवार वालों से दोस्तों और धुमाल पार्टी वालों से मिलने जाने की बात कही और रात करीब 8.30 बजे बाइक से घर से निकला। डोमन अपने दोस्त हसदा निवासी अंकित बंजारे और नायकबांधा निवासी राजा ओगरे के साथ जा रहा था। 

बताया जा रहा है कि जैसे ही तीनों युवक ग्राम गातापार स्थित ठाकुर दुकान के पास पहुंचे, उनकी बाइक अचानक सडक़ पर आए मवेशी से टकरा गई। टक्कर के बाद तीनों युवक सडक़ पर गिर पड़े। इसी दौरान राजिम की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे रेत से भरे हाईवा क्रमांक सीजी 07 सीएक्स 8758 ने तीनों को रौंद दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। रात करीब 10 बजे हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पहुंचे तो तीनों युवक सडक़ पर खून से लथपथ पड़े थे। यह मंजर देखकर परिजनों की चीख निकल पड़ी। गांव में मातम का माहौल बन गया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर हाईवा वाहन को जब्त कर लिया है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एक साथ तीन युवकों की मौत से छोटे उरला, हसदा और नायकबांधा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

 


अन्य पोस्ट