गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अभनपुर, 28 अप्रैल। अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव में 4 साल की मासूम से रेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस समय हुई, जब बच्ची की मां किसी आवश्यक काम से पोस्ट ऑफिस गई हुई थी। तेज धूप को देखते हुए उसने अपनी बच्ची को सुरक्षित समझकर पड़ोस में रहने वाले एक परिचित के घर छोड़ दिया था। इसी दौरान आरोपी युवक ने कथित रूप से इस मौके का फायदा उठाया और रेप किया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर अभनपुर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस ने आरोपी युवक राहुल तारख (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया।
अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र श्याम ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गांव से प्राप्त सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस ने पीडि़ता को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई है और उसके बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद उक्त गांव सहित पूरे अभनपुर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इस तरह की घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में त्वरित और कठोर कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और आश्वासन दिया है कि दोषी को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।


