गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 27 अप्रैल। उदंती-सीतानदी टाइगर रिज़र्व क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश कर मछली और वन्यजीव शिकार का प्रयास करने के मामले में ओडिशा के तीन आरोपियों को एंटी पोचिंग टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पीओआर केस क्रमांक 16/393 दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
वन विभाग के अनुसार, परिक्षेत्र इंदागांव (धुरवागुड़ी) बफर के पीपलखूंटा सर्कल अंतर्गत आरक्षित वनक्षेत्र कक्ष क्रमांक 1204 एवं 1206 में गश्त के दौरान वन कर्मचारियों ने तीन संदिग्धों को पकड़ा। आरोप है कि वे गोड़ेना जलप्रपात के बहते पानी को रोककर उसमें पत्ते मिलाकर मछली पकडऩे का प्रयास कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चमरु, लखीराम और संजय सभी निवासी ग्राम अछला, थाना रायघर, जिला नवरंगपुर, ओडिशा के रूप में हुई है।
इस संबंध में वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वन विभाग के अनुसार, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर निगरानी के लिए गश्त और कार्रवाई जारी है।


