गरियाबंद

लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, शत-प्रतिशत लक्ष्य और सुशासन तिहार पर विशेष जोर
22-Apr-2026 6:10 PM
लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, शत-प्रतिशत लक्ष्य और सुशासन तिहार पर विशेष जोर

‘छत्तीसगढ़’  संवाददाता
गरियाबंद, 22 अप्रैल।
कलेक्टर बी.एस. उइके ने मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। उन्होंने जनदर्शन, सीजी पोर्टल, सीपीग्राम सहित अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

बैठक में कलेक्टर ने हाईकोर्ट से संबंधित लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने, विकलांग शिक्षकों का पुन: स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा ‘नियद नेल्लानार 2.0’ के द्वितीय चरण में जिले के चयनित क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने पटवारियों के माध्यम से डिजिटल किसान किताब तैयार करने, 25 अप्रैल को आयोजित होने वाले जल शक्ति अभियान को उत्सव के रूप में मनाने तथा प्रत्येक ब्लॉक में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जियो टैगिंग, सोख्ता गड्ढों के निर्माण और रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।

बैठक में आयुष्मान कार्ड के शत-प्रतिशत पंजीयन, आधार (आपार) अपडेट तथा पीएम जनमन योजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी भवन निर्माण में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा कलेक्टर ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए रासायनिक उर्वरकों के उठाव, ग्रामीण अधोसंरचना विकास निधि के तहत प्राथमिक कृषि साख समितियों में गोदाम निर्माण, आंगनबाड़ी भवनों की स्वीकृति व प्रगति की जानकारी ली।
ई-ऑफिस के प्रभावी क्रियान्वयन में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कलेक्टर ने ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि पंप ऊर्जीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।


अन्य पोस्ट