गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 27 मार्च। छत्तीसगढ़ में संचालित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत पात्र लाभार्थियों को वार्षिक आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने पर भाजपा नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। गरियाबंद जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से भूमिहीन श्रमिकों को प्रति वर्ष 10,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। उनके अनुसार यह राशि परिवारों के दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई और छोटे रोजगार में सहायक हो सकती है।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा किसान मोर्चा मोहन सिंह कुशवाह ने भी योजना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पहल भूमिहीन किसानों के समर्थन से जुड़ी है।


