गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 8 फरवरी। गोबरा नवापारा स्थित पीएम श्री हरिहर उत्कृष्ट विद्यालय में वार्षिकोत्सव एवं पारंपरिक लईका मड़ई का भव्य आयोजन 7 फरवरी, शनिवार को किया गया। सुबह की पाली में कार्यक्रम का शुभारंभ शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सौरभ जैन,सदस्य प्रदीप मिश्रा एवं प्राचार्य फाखरा खानम दानी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक इन्द्र कुमार साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ओमकुमारी संजय साहू, अध्यक्ष,नगर पालिका गोबरा नवापारा ने की। विशिष्ट अतिथियों में भूपेन्द्र सोनी उपाध्यक्ष,नगर पालिका,नागेन्द्र वर्मा अध्यक्ष भाजपा मंडल,सौरभ जैन अध्यक्ष शाला प्रबंधन विकास समिति,एवं वरिष्ट पत्रकार और सभी चैनलों के पत्रकार,नगर पालिका के प्रमुख सभापति,पार्षद गण और साथ ही साथ शाला विकास समिति के सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों का छत्तीसगढ़ी मड़ई परंपरा अनुसार बाजा-गाजा के साथ आत्मीय स्वागत करते हुए मंच पर लाया गया। मंच की सजावट छत्तीसगढ़ी संस्कृति को दर्शाते हुए सूपा, टुकनी एवं तोरण से की गई, जिसने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।विद्यालय के हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के छात्र-छात्राओं ने पंजाबी भांगड़ा,आदिवासी नृत्य, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य,देशभक्ति गीत एवं अखाड़ा प्रदर्शन प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की भरपूर तालियाँ बटोरीं। लईका मड़ई के अंतर्गत बच्चों के लिए फूड स्टॉल लगाए गए, जिनमें गुपचुप,चीला,जूस, अप्पे,ओरेओ शेक,केक,मोमोज, चाउमिन, ढोकला सहित मनोरंजन के लिए जंपिंग जैक,मिकी माउस आदि आकर्षण उपलब्ध रहे। मड़ई का उद्देश्य बच्चों को व्यवसायिक कौशल, संस्कृति से परिचय एवं आत्मनिर्भरता का अनुभव कराना रहा। मुख्य अतिथि विधायक इन्द्र कुमार साहू ने विद्यार्थियों के रंगारंग कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा बच्चों को संस्कृति, व्यापारिक सोच एवं आत्मविश्वास से परिचित कराना अत्यंत प्रशंसनीय पहल है।
उन्होंने लईका मड़ई को बच्चों के सर्वांगीण विकास का उत्कृष्ट माध्यम बताया। प्राचार्य फाखरा खानम दानी ने मुख्य अतिथि,सभी विशिष्ट अतिथियों एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों की सराहना की।इस अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा नगर के सभी वरिष्ट पत्रकार और सभी चैनलों के पत्रकारों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।साथ ही साथ शाला परिवार की ओर से मुख्य अतिथि,और शाला विकास समिति के अध्यक्ष और सदस्यों को मोमेंटो प्रदान करके सम्मानित किया गया7
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती सोमा शर्मा,चन्द्रकांत धनकर एवं श्रीमती काजल चौबे द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा भविष्य में भी इसी प्रकार सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन की बात कही गई।


