गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 1 अक्टूबर। भगवान श्री राजीवलोचन की नगरी राजिम में इस वर्ष दशहरा उत्सव और भी भव्य रूप में मनाया जाएगा। श्री राजीवलोचन ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष राजेश्री महंत रामसुंदर दास जी के मार्गदर्शन में दशहरा उत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह उत्सव 2 अक्टूबर को पारंपरिक विधि-विधान से मनाया जाएगा। राजिम का दशहरा उत्सव देशभर में अपनी अनोखी परंपरा के लिए प्रसिद्ध है, क्योंकि यहां रावण दहन नहीं बल्कि वध किया जाता है।
भगवान श्री राजीवलोचन जी का डोला मंदिर से निकलकर सबसे पहले जनकपुर स्थित बजरंगबली का आह्वान करता है। बजरंगबली का पताका लेकर उनका प्रतिनिधि डोला भी साथ चलता है। बाजे-गाजे और स्वागत सत्कार के बीच डोला दशहरा मैदान पहुंचता है। मार्ग में जगह-जगह आतिशबाजी और स्वागत की परंपरा भी निभाई जाती है। शीतला माता मंदिर के पास शक्ति पूजा सम्पन्न होने के बाद, मंदिर पुजारी राजपूत परिवार के सदस्य विशेष वेशभूषा और अस्त्र-शस्त्रों के साथ शौर्य प्रदर्शन करते हुए डोला के साथ दशहरा मैदान पहुंचते हैं। यहां सबसे पहले पारंपरिक ‘रावण-अंगद संवाद’ का मंचन होता है। इसके उपरांत ट्रस्ट के सरवाकार, भगवान के प्रतिनिधि स्वरूप में, दशानन रावण की नाभि पर कटार प्रहार कर उसका वध करते हैं। तत्पश्चात नाभिकुंड को सुखाने के लिए तीर चलाया जाता है।
इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में रावण वध के उपरांत दशहरा मैदान में पुष्पवर्षा की जाएगी। रणजीत चौरा में भगवान की पूजा-अर्चना के बाद विजय उत्सव मनाया जाएगा। परंपरा अनुसार सोनपत्ती का वितरण होगा, जिसे लोग एक-दूसरे के कान में लगाकर गले मिलते हैं और दशहरा की बधाई देते हैं। इसके बाद भगवान की पूजा-अर्चना जनकपुर में संपन्न होगी, जहां श्रद्धालु भेंट-मुलाकात करेंगे। दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर श्री राजीव लोचन ट्रस्ट कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें ट्रस्ट प्रबंधक पुरुषोत्तम मिश्रा, सर्वांराकार चंद्रभान सिंह ठाकुर, नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव, पूर्व जनपद अध्यक्ष राघोबा महाडिक, ट्रस्टी सरवन सिंह ठाकुर, राजेंद्र ठाकुर, मनु बैकुंठ सिंह, राजिम भक्तिन माता समिति अध्यक्ष लाला साहू, बेरोजगार संघ अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, पुजारी समिति के रामकुमार सिंह ठाकुर, शिवकुमार सिंह ठाकुर, सनत सिंह ठाकुर, पार्षद बलराम यादव, भारत यादव, उत्तम निषाद, पूर्व पार्षद नंदकिशोर शर्मा तथा विशेष सहयोगी सुनील देवांगन, घनश्याम साहू, विकास तिवारी, गजाधर सिंह ठाकुर, पवन सोनी, शत्रुघ्न धीवर, रावण की भूमिका निभाने वाले भागुराम निषाद, अंगद की भूमिका में नंदन पटेल, आचार्य विजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इस बार का दशहरा उत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा बल्कि परंपरा, शौर्य का भव्य प्रदर्शन भी करेगा।


