गरियाबंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 9 सितंबर। सामाजिक व साहित्यिक संस्था वक्ता मंच द्वारा राजधानी के वृन्दावन सभागृह में प्रदेश के 11 जिलों से चयनित 125 प्रतिभाशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। ‘छत्तीसगढ़ महिला गौरव अवार्ड’ शीर्षक से आयोजित इस कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रख्यात चिकित्सक डॉ. सुमेधा श्रीवास्तव थीं। अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी अशोक अग्रवाल ने की। विशिष्ट अतिथि की आसंदी पर वरिष्ठ पत्रकार पीके तिवारी एवं राजकुमार धर द्विवेदी, गोंड आर्ट कलाकार अंकुर शुक्ला, बुजुर्ग सेवा समिति की अध्यक्ष रुक्मणि रामटेके, शिक्षाविद अरुणा चौबे, समाजसेविका ज्योति शुक्ला एवं जी.एस.टी. आयुक्त एम. राजीव उपस्थित थे।
वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने जानकारी देते हुए बताया कि रायपुर, बिलासपुर, जगदलपुर, बेमेतरा, कवर्धा, राजनांदगांव, दुर्ग, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, बिलाईगढ़ से चयनित 125 महिलाओं को मोमेंटो व सम्मान पत्र प्रदान किया गया। इन महिलाओं का खेल, समाज सेवा, शिक्षा, साहित्य, बाईक राइडिंग, पर्यावरण, चिकित्सा, एन.जी.ओ., कला, संस्कृति, फिल्म में अभिनय, एलबम निर्माण, राजनीति, लोक कला, पत्रकारिता, प्रकाशन, पर्वतारोहण, प्रशासन, आध्यात्म, नर्सिंग, पुलिसिंग, इवेंट ऑर्गेनाइजर, आर्किटेक्ट, रंगकर्म, उद्यानिकी, पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में जारी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि चूडिय़ां पहनने वाले हाथों ने ही इतिहास की रचना की है। वक्ता मंच के इस आयोजन से महिलाओं की सफलता की कहानियां जन-जन तक पहुंचेंगी। भारत की महिलाएं अब घर की चौखट लांघकर अपने हकों हेतु लड़ रही हैं। महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में दूरदर्शिता, जीवंत उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ जीवन की सभी चुनौतियों का सामना कर रही हैं। आज सम्मानित हो रही अनेक महिलाओं ने विकट परिस्थितियों से लडक़र सफलता का नया कीर्तिमान रचा है और समाज को नई प्रेरणा दी। डी.एस.पी. मंजुलता राठौर के सम्मान के दौरान लोगों ने खड़े होकर उनकी कर्तव्यपरायणता को सराहा। वक्ता मंच द्वारा विगत 20 वर्षों से प्रतिवर्ष जीवन व समाज के विविध क्षेत्रों में सफलता के झंडे गाडऩे वाली महिलाओं को सम्मानित किए जाने का क्रम जारी है। सम्मान समारोह में नगर की नारी शक्तियां अंजू पारख, रेणुका तिवारी, योगिता सिन्हा, पूजा सायरानी, नीता धीवर को छत्तीसगढ़ महिला गौरव अवार्ड से सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते, संयोजक शुभम साहू, कार्यक्रम प्रभारी विवेक बेहरा, दुष्यंत साहू, धनेश्वरी नारंग, राजाराम रसिक आदि मौजूद थीं।